दुबई में दर्दनाक सड़क हादसा, मिनीबस और ट्रक की टक्कर में 7 भारतीय श्रमिकों की मौत, कई घायल

Dubai Road Accident: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में सोमवार को हुए एक गंभीर सड़क हादसे में कई भारतीय श्रमिकों की जान चली गई. यह दुर्घटना उस समय हुई जब कर्मचारियों को ले जा रही एक मिनीबस सड़क पर खराब होकर खड़े एक ट्रक से टकरा गई.

Tragic road accident Dubai 7 Indian workers killed many injured in collision between minibus truck
Image Source: Social Media

Dubai Road Accident: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में सोमवार को हुए एक गंभीर सड़क हादसे में कई भारतीय श्रमिकों की जान चली गई. यह दुर्घटना उस समय हुई जब कर्मचारियों को ले जा रही एक मिनीबस सड़क पर खराब होकर खड़े एक ट्रक से टकरा गई. हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं. घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है.

दुबई पुलिस के यातायात विभाग के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि एमिरेट्स रोड पर एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण अचानक रुक गया था. इसके बाद पीछे से आ रही मिनीबस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक से जा भिड़ी. अधिकारियों का कहना है कि चालक द्वारा सुरक्षित दूरी न बनाए रखना भी दुर्घटना का एक कारण हो सकता है.

घायलों को तुरंत पहुंचाया गया अस्पताल

टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए यातायात व्यवस्था भी संभाली.

भारतीय दूतावास ने जताया शोक

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

दुबई पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. यातायात दुर्घटना जांच विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात सामान्य कर दिया गया है.

पुलिस ने जारी की सुरक्षा सलाह

हादसे के बाद दुबई पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है. पुलिस ने कहा कि वाहन में खराबी आने, ईंधन खत्म होने या टायर फटने जैसी स्थिति में सड़क के बीच वाहन खड़ा करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें और सुरक्षा उपाय अपनाएं.

सड़क पर वाहन रोकने पर कड़ी कार्रवाई

यूएई के यातायात नियमों के अनुसार सड़क के बीच वाहन खड़ा करने पर 1,000 दिरहम का जुर्माना और छह ट्रैफिक पॉइंट लगाए जाते हैं. इसके अलावा यातायात बाधित करने पर अतिरिक्त 500 दिरहम का जुर्माना भी लगाया जा सकता है. अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की लापरवाही कई बार गंभीर दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान का कारण बनती है.

ये भी पढ़ें- अभी हमला रोको... ईरान-इजरायल युद्ध के बीच ट्रंप का आया तीखा बयान, दोनों देशों को दी चेतावनी