Toxic Day 1 Collection: यश की फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' की एडवांस बुकिंग 21 अगस्त से शुरू हो चुकी है. फिल्म 28 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. बुकिंग शुरू हुए तीन दिन हो चुके हैं और फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.
पहले दिन के लिए कितनी हुई कमाई?
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी 'टॉक्सिक' की एडवांस बुकिंग में लगातार तेजी देखने को मिल रही है. इसमें कर्नाटक सबसे आगे है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन के लिए एडवांस बुकिंग से 21.5 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है. इस दौरान 13,591 शो में कुल 5,55,328 टिकट बिक चुके हैं.
अगर ब्लॉक और होल्ड की गई सीटों को भी जोड़ दिया जाए तो फिल्म की ग्रॉस कमाई करीब 30.14 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है. वीकेंड में बुकिंग की रफ्तार बढ़ी है, जिससे फिल्म की ओपनिंग को लेकर उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं.
कर्नाटक में सबसे ज्यादा डिमांड
यश के होम स्टेट कर्नाटक में फिल्म की एडवांस बुकिंग सबसे तेज चल रही है. कर्नाटक में सिर्फ डायरेक्ट बुकिंग से फिल्म ने 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. बेंगलुरु फिल्म के लिए सबसे बड़े सेंटर में बना हुआ है. इसके अलावा मैसूरु, शिवमोग्गा और रायचूर जैसे शहरों में भी टिकटों की अच्छी बिक्री हो रही है.
6 भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
'टॉक्सिक' की खास बात यह है कि फिल्म सिर्फ कन्नड़ दर्शकों पर निर्भर नहीं है. इसे कन्नड़ के साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेजी में रिलीज किया जाएगा. कई भाषाओं में रिलीज होने से फिल्म को देशभर में बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचने का मौका मिलेगा. यही वजह है कि एडवांस बुकिंग के आंकड़ों को फिल्म की ओपनिंग के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है.
'धुरंधर' की एडवांस बुकिंग को पीछे छोड़ा
एडवांस बुकिंग में 'टॉक्सिक' ने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' को भी पीछे छोड़ दिया है. 'धुरंधर' की एडवांस बुकिंग के पहले दिन ब्लॉक की गई सीटों को मिलाकर करीब 14 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई हुई थी.
वहीं, 'टॉक्सिक' ने पहले दिन के लिए अब तक इससे काफी ज्यादा कमाई कर ली है. अगर बुकिंग की यही रफ्तार बनी रहती है तो फिल्म की रिलीज से पहले ही आंकड़े और ऊपर जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- इमरान हाशमी की Awarapan 2 का जलवा, 'कॉकटेल 2' का रिकॉर्ड तोड़ बनी नंबर-1 रोमांटिक फिल्म