Toxic Box Office: लंबे इंतजार के बाद बड़े पर्दे पर लौटे यश ने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपनी ताकत साबित कर दी है. उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' ने रिलीज होते ही कमाई के मामले में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. फिल्म को लेकर रिलीज से पहले जबरदस्त माहौल बना हुआ था और एडवांस बुकिंग में भी इसने शानदार प्रदर्शन किया था. हालांकि सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन इसका असर पहले दिन की कमाई पर नजर नहीं आया.
पहले दिन 100 करोड़ के पार पहुंची 'टॉक्सिक'
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'टॉक्सिक' ने भारत में पहले दिन करीब 101.10 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया. फिल्म ने करीब 24,577 शोज के जरिए यह आंकड़ा हासिल किया. खास बात यह रही कि यश की फिल्म को छुट्टियों का भी फायदा मिला और कई जगहों पर सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली. भाषाई स्तर पर भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत रहा. रिपोर्ट के अनुसार, 'टॉक्सिक' ने हिंदी में करीब 55 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 23.30 करोड़ रुपये, तेलुगू में 16 करोड़ रुपये, तमिल में 5.50 करोड़ रुपये और मलयालम में 1.30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 120.75 करोड़ रुपये बताया गया है.
वर्ल्डवाइड भी शानदार शुरुआत
घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ ही विदेशी बाजारों में भी 'टॉक्सिक' ने अच्छी शुरुआत की. फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से करीब 20 करोड़ रुपये कमाए. इस तरह पहले दिन फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई लगभग 140.75 करोड़ रुपये पहुंच गई. पहले दिन ही 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन करना यश के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. 'केजीएफ: चैप्टर 2' के बाद एक बार फिर उन्होंने साबित किया है कि उनका स्टारडम बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग दिलाने की क्षमता रखता है.
इंडियन सिनेमा की टॉप ओपनिंग फिल्मों में शामिल
'टॉक्सिक' ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करते ही भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों की सूची में जगह बना ली है. शुरुआती आंकड़ों के आधार पर यह करीब 101.10 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई है. इस फिल्म ने प्रभास की 'कल्कि 2898 एडी', 'सालार', 'आदिपुरुष' और 'साहो' जैसी फिल्मों की पहले दिन की घरेलू कमाई को पीछे छोड़ दिया है. इसके साथ ही यश उन चुनिंदा सितारों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर एक से ज्यादा बार 100 करोड़ रुपये से अधिक की ओपनिंग देने वाली फिल्में दी हैं.
ये हैं भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्में
भारतीय सिनेमा की टॉप ओपनिंग फिल्मों में 'पुष्पा 2' करीब 174.9 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है. इसके बाद 'धुरंधर 2' 145 करोड़, 'RRR' 133 करोड़, 'बाहुबली 2' 121 करोड़ और 'केजीएफ: चैप्टर 2' 116 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ सूची में शामिल हैं. 'टॉक्सिक' 101.10 करोड़ रुपये के साथ छठे स्थान पर है. इसके बाद 'कल्कि 2898 एडी' 95.30 करोड़, 'सालार' 90.70 करोड़, 'आदिपुरुष' 86.75 करोड़ और 'साहो' 84.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ टॉप 10 में हैं.
यश के साथ नजर आ रही है बड़ी स्टारकास्ट
'टॉक्सिक' का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम भूमिकाओं में हैं. इसके अलावा अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर भी फिल्म का हिस्सा हैं. 'केजीएफ 2' के बाद यश की वापसी को लेकर पहले से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था. अब फिल्म की पहले दिन की रिकॉर्डतोड़ कमाई ने इस उम्मीद को और मजबूत कर दिया है. हालांकि, आने वाले दिनों में फिल्म की असली परीक्षा होगी कि यह अपनी मजबूत शुरुआत को बरकरार रखते हुए बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी पारी खेल पाती है.
ये भी पढ़ें- 'टॉक्सिक' ने 'आवारापन 2' की रफ्तार पर लगाया ब्रेक! लाखों में सिमट गई कमाई, जानें कितना हुआ कलेक्शन