IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने 28 अगस्त के लिए देश के 25 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है.
दिल्ली-NCR में भारी बारिश की चेतावनी
दिल्ली-NCR में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में बारिश हुई. मौसम विभाग ने 28 अगस्त को भी राजधानी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं, आंधी और बिजली कड़कने की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि हवाओं की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
यूपी और बिहार में भी बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 28 अगस्त को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पश्चिमी यूपी में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहेंगी, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. बिहार में भी मौसम सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में व्यापक बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. 28 और 29 अगस्त को गरज के साथ तेज बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है.
राजस्थान में फिलहाल कमजोर होगा मानसून
राजस्थान के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है, लेकिन आने वाले दिनों में राज्य में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से अधिकांश हिस्सों में बारिश में कमी आ सकती है. हालांकि भरतपुर, कोटा और जयपुर संभागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. सितंबर के पहले सप्ताह में पूर्वी राजस्थान में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, खासकर 4 से 7 सितंबर के बीच.
पूर्वोत्तर और मध्य भारत में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का दौर तेज रहने का अनुमान है. सिक्किम में भी मौसम खराब रहने की संभावना है.
दक्षिण भारत में तमिलनाडु समेत इन राज्यों पर नजर
तमिलनाडु में 30 अगस्त तक पश्चिमी घाट के आसपास के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है. राज्य के बाकी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है. उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु में तापमान बढ़ सकता है. चेन्नई में दिन के समय आंशिक बादल छाए रहेंगे और शाम या रात में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा केरल और कर्नाटक में भी बारिश का अलर्ट है. पुडुचेरी तथा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है.
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
28 अगस्त को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं दिल्ली-NCR, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बिहार, झारखंड, अंडमान-निकोबार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में मौसम विभाग ने प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों से मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: दो देशों की यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी, SCO समिट में भाग लेंगे, पुतिन संग मुलाकात पर टिकी नजर