Delhi Septic Tank Accident: दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र से शुक्रवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहां रोजी-रोटी कमाने पहुंचे तीन मजदूर कुछ ही मिनटों में मौत के मुंह में समा गए. फैक्ट्री परिसर में बने सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस का रिसाव इतना घातक साबित हुआ कि एक के बाद एक तीनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए. सूचना मिलते ही दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही हरकत में आया दमकल विभाग
दिल्ली अग्निशमन सेवा को दोपहर लगभग 12:03 बजे मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री नंबर 93/8 से सूचना मिली कि सेप्टिक टैंक के भीतर कुछ लोग फंस गए हैं. सूचना मिलते ही ज्वाला पुरी फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं. रास्ते में भारी ट्रैफिक होने के कारण बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए टिकरी फायर स्टेशन से भी एक अतिरिक्त वाटर टेंडर भेजा गया.
बचाव अभियान के दौरान प्रशासनिक सहायता की आवश्यकता महसूस होने पर दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) के माध्यम से मुंडका के एसडीएम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए.
टैंक से निकाले गए तीनों मजदूर
काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने सेप्टिक टैंक के भीतर फंसे तीनों मजदूरों को बाहर निकाला. हालांकि, चिकित्सकीय जांच में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. बताया जा रहा है कि तीनों मजदूर सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके के रहने वाले थे और फैक्ट्री में सफाई का कार्य कर रहे थे. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है.
एक को बचाने गए, तीनों की चली गई जान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सबसे पहले एक मजदूर सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए नीचे उतरा था. टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से वह बेहोश होकर वहीं फंस गया. उसे बचाने के इरादे से दूसरा मजदूर नीचे उतरा, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया. इसके बाद तीसरा मजदूर भी दोनों साथियों को बचाने के लिए टैंक में गया, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका. इस तरह बचाव की कोशिश ने कुछ ही पलों में तीन परिवारों से उनके कमाने वाले सदस्य छीन लिए.
सुरक्षा मानकों की जांच में जुटी पुलिस
मुंडका थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फैक्ट्री में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि संबंधित सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं.
ये भी पढ़ें: आज से 4 दिनों तक ठप रहेगा EPFO पोर्टल; सिस्टम अपग्रेड के बाद UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा