Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ जनसभा को भी संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों, खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था, भर्ती प्रक्रिया और विकास कार्यों को लेकर तीखे आरोप लगाए.
'पहले युवाओं और व्यापारियों में था असुरक्षा का माहौल'- CM योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में आम लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था. उनके अनुसार, बेटियों की सुरक्षा, व्यापारियों का विश्वास और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दे गंभीर चुनौती बने हुए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी और हर भर्ती के साथ भ्रष्टाचार तथा वसूली की शिकायतें सामने आती थीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी वजह से कई मामलों में अदालतों को हस्तक्षेप करना पड़ता था.
'विकास कुछ परिवारों तक सीमित था'
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पहले प्रदेश के संसाधनों का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाता था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय विकास केवल कुछ चुनिंदा राजनीतिक परिवारों तक सीमित रह गया था, जबकि आज सरकार पूरे प्रदेश के संतुलित विकास के लिए काम कर रही है.
राम मंदिर और रामभक्ति को लेकर भी साधा निशाना
अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े हालिया विवादों के बीच मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग पहले भगवान राम के नाम का विरोध करते थे, आज वही रामभक्ति की बातें कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि समय बदल चुका है और जनता की ताकत के कारण राजनीतिक दलों को अपनी पुरानी सोच बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा है.
690 करोड़ रुपये से अधिक की 102 परियोजनाओं का शुभारंभ
रामपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने शाहबाद तहसील के शिवा शुगर मिल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 690 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, विकास कार्यों को गति देना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना बताया गया.
रामपुर की सांस्कृतिक विरासत का किया उल्लेख
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने रामपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान की भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि यह जिला महाकालेश्वर महादेव, ओम नागेश्वर महादेव, कोसी मंदिर और मां बाला सुंदरी जैसे प्रमुख आस्था केंद्रों के कारण विशेष महत्व रखता है. योगी ने रामपुर की पैचवर्क कला, वायलिन निर्माण और मेंथा उत्पादन की भी सराहना करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित है. साथ ही उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि जब भी वह रामपुर आते हैं, यहां का मौसम उन्हें शिमला की याद दिलाता है.
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: गोल्ड बचाने उतरेगी हरमनप्रीत की सेना; एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला टीम का हुआ ऐलान