IPL इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, विराट कोहली की सेंचुरी के साथ बना बड़ा रिकॉर्ड; जानें पूरी जानकारी

Virat Kohli Records: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में बल्लेबाजों का ऐसा तूफान देखने को मिला है, जिसने टूर्नामेंट के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया. इस सीजन में रन बरस रहे हैं, बड़े-बड़े स्कोर बन रहे हैं और रिकॉर्ड लगातार टूट रहे हैं.

This happened for the first time in IPL history a big record was made with Virat Kohli century
Image Source: ANI

Virat Kohli Records: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में बल्लेबाजों का ऐसा तूफान देखने को मिला है, जिसने टूर्नामेंट के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया. इस सीजन में रन बरस रहे हैं, बड़े-बड़े स्कोर बन रहे हैं और रिकॉर्ड लगातार टूट रहे हैं. लगभग हर टीम ने 200 से ज्यादा का स्कोर कई बार खड़ा किया है और कई मुकाबलों में उन विशाल लक्ष्यों का सफल पीछा भी हुआ है.

हालांकि सीजन के शुरुआती चरण में शतक का इंतजार थोड़ा लंबा जरूर रहा, लेकिन एक बार सेंचुरी का सिलसिला शुरू हुआ तो फिर बल्लेबाज लगातार गेंदबाजों पर हावी होते चले गए. अब इस सीजन ने एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है जो IPL के इतिहास में पहले कभी देखने को नहीं मिला था.

विराट कोहली के शतक के साथ बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड

विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार शतक जड़ा. यह कोहली के IPL करियर का 9वां शतक रहा. उनकी इस दमदार पारी की बदौलत बेंगलुरु ने मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज की.

लेकिन यह शतक सिर्फ कोहली के व्यक्तिगत रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहा. इसी पारी के साथ IPL 2026 के नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई. पहली बार ऐसा हुआ है जब एक ही सीजन में सभी 10 टीमों की ओर से कम से कम एक बल्लेबाज ने शतक लगाया हो.

हर टीम के बल्लेबाजों ने दिखाया दम

इस सीजन में शतक लगाने का सिलसिला चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शुरू हुआ. टीम के लिए संजू सैमसन ने शानदार सेंचुरी जमाई और बाद में उन्होंने दूसरा शतक भी ठोक दिया. मुंबई इंडियंस की ओर से कई बल्लेबाजों ने शतक जड़े. 

क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा और रयान रिकेल्टन ने इस सीजन में सेंचुरी लगाकर टीम की बल्लेबाजी ताकत दिखाई. वहीं गुजरात टाइटंस के लिए साई सुदर्शन ने शतकीय पारी खेली, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक अंदाज में सेंचुरी लगाई.

वैभव सूर्यवंशी ने फिर लूटी महफिल

इस सीजन में सबसे ज्यादा चर्चा अगर किसी युवा बल्लेबाज की हुई है तो वह हैं वैभव सूर्यवंशी. राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज ने IPL इतिहास के सबसे युवा शतकवीर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया.

वैभव ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ दिया और क्रिकेट जगत को चौंका दिया. उनकी इस पारी ने न सिर्फ राजस्थान को मजबूती दी बल्कि यह भी साबित किया कि IPL युवा प्रतिभाओं के लिए सबसे बड़ा मंच बन चुका है.

संघर्ष के बीच भी चमके कई सितारे

लखनऊ सुपर जाइंट्स भले ही प्लेऑफ की रेस में पिछड़ गई हो, लेकिन मिशेल मार्श ने टीम के लिए शानदार शतक लगाकर अपनी छाप छोड़ी. इसी तरह दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल ने मुश्किल परिस्थितियों में शतकीय पारी खेली. वहीं पंजाब किंग्स की ओर से कूपर कोनोली ने बेहतरीन सेंचुरी लगाकर सबका ध्यान खींचा.

बल्लेबाजों का सीजन बन गया IPL 2026

IPL 2026 पूरी तरह बल्लेबाजों के नाम होता दिख रहा है. बड़े स्कोर, तेज स्ट्राइक रेट, लगातार शतक और रिकॉर्डतोड़ रन चेज ने इस सीजन को अब तक के सबसे आक्रामक सीजन में शामिल कर दिया है.

हर टीम के बल्लेबाजों द्वारा सेंचुरी लगाना इस बात का संकेत है कि इस बार बल्लेबाजी का स्तर अलग ही ऊंचाई पर पहुंच चुका है. यही वजह है कि IPL 2026 को अब रिकॉर्ड्स और रन बारिश वाले सीजन के तौर पर याद किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- क्या भारत खत्म करेगा मिडिल ईस्ट का तनाव? रूस ने भारत को बताया ‘शांति का पुल’, जानें पूरा मामला