Disha Patani rohit godara case: एक शांत शहर, एक नामी अभिनेत्री का घर, और फिर रात के सन्नाटे में गोलियों की गूंज, उत्तर प्रदेश के बरेली में जो कुछ हुआ, उसने न सिर्फ शहर को हिला दिया, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री और कानून-व्यवस्था को भी एक नए खतरे की ओर इशारा कर दिया है.
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के परिवार के घर पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात ने अब एक नया मोड़ ले लिया है. इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया के ज़रिए ली है. कहा जा रहा है कि यह हमला दिशा की बहन खुशबू पाटनी द्वारा संतों के खिलाफ कथित बयान का "बदला" है.
सुबह-सुबह गोलियों की बौछार, परिवार में दहशत का माहौल
घटना शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे की है, जब दो बाइक सवार हमलावरों ने दिशा पाटनी के पैतृक आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. यह घर रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी का है. गोलियों की आवाज़ से परिवार सहम गया. इलाके में तनाव फैल गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया.
"ये तो सिर्फ ट्रेलर था"
गैंगस्टर रोहित गोदारा, जो कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जाता है, ने सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा पोस्ट डालकर इस हमले की जिम्मेदारी ली है. पोस्ट में लिखा गया, “जो हमारे संतों और सनातन धर्म के खिलाफ बोलेगा, उसके घर पर ठायं-ठायं होगी. ये तो सिर्फ एक ट्रेलर था.” इस पोस्ट में संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के कथित अपमान को हमले की वजह बताया गया है.
माफीनामा भी नहीं बना सुरक्षा कवच
गौर करने वाली बात ये है कि खुशबू पाटनी ने पहले ही सोशल मीडिया पर माफी मांग ली थी. बावजूद इसके, फायरिंग को अंजाम देना यह दर्शाता है कि गैंग का मकसद सिर्फ धमकी देना नहीं, बल्कि डर का माहौल बनाना है.
जांच तेज, गैंगस्टर के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
एसपी सिटी अनुराग आर्य के अनुसार CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. कोतवाली थाने में गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है. तकनीकी विश्लेषण और सोशल मीडिया ट्रेसिंग के जरिए धमकी देने वाले अकाउंट की पड़ताल हो रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह हमला विदेश में बैठे अपराधियों द्वारा रिमोट कंट्रोल से संचालित कराया गया है, जो कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.
संतों के नाम पर गैंगस्टर का उग्र एजेंडा?
इस पूरे घटनाक्रम ने एक नया ट्रेंड उजागर किया है, धर्म और आस्था के नाम पर हिंसा का संगठित रूप. गैंग ने अपने पोस्ट में साफ चेतावनी दी है कि भविष्य में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े किसी भी व्यक्ति ने अगर संतों या धर्म के खिलाफ कुछ कहा, तो अंजाम और भी भयानक होगा.
यह भी पढ़ें- 23 बाउंड्री और सिर्फ 39 गेंदों में शतक... इस इंग्लिश बल्लेबाज़ ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाज़ों की कर दी धुनाई!