WDMMA 2026: भारतीय वायुसेना (IAF) ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूती का एक और प्रमाण दिया है. वर्ल्ड डायरेक्टरी ऑफ मॉडर्न मिलिट्री एयरक्राफ्ट (WDMMA) की वर्ष 2026 की रैंकिंग में भारतीय वायुसेना ने लगातार तीसरी बार दुनिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली वायुसेना का स्थान बरकरार रखा है. इस सूची में भारत से आगे केवल अमेरिका और रूस हैं, जबकि चीन की वायुसेना एक बार फिर भारत से पीछे रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायुसेना का संतुलित विमान बेड़ा, आधुनिक तकनीक और ऑपरेशनल क्षमता इसे दुनिया की अग्रणी वायु सेनाओं में शामिल करते हैं.
अमेरिका और रूस के बाद भारत का दबदबा
WDMMA की 2026 रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने एक बार फिर तीसरा स्थान हासिल कर अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया है. यह लगातार तीसरी और अब तक कुल छठी बार है जब भारतीय वायुसेना इस प्रतिष्ठित सूची में तीसरे स्थान पर रही है.रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2022 के बाद से कई बार जारी रैंकिंग में भारत ने चीन को पीछे छोड़ने में सफलता हासिल की है. इससे भारतीय वायुसेना की बढ़ती ताकत और आधुनिक सैन्य ढांचे का संकेत मिलता है.
कैसे तय होती है वायुसेनाओं की रैंकिंग?
WDMMA हर वर्ष दुनिया के 103 देशों की 129 वायु सेनाओं का विस्तृत मूल्यांकन करता है. इस प्रक्रिया में 48 हजार से अधिक सैन्य विमानों का विश्लेषण किया जाता है. रैंकिंग केवल विमानों की संख्या पर आधारित नहीं होती, बल्कि True Value Rating (TVR) प्रणाली के तहत कई अहम पहलुओं का आकलन किया जाता है. इनमें विमान बेड़े की विविधता, आधुनिक तकनीक, लॉजिस्टिक सपोर्ट, रखरखाव, ऑपरेशनल दक्षता और भविष्य की सैन्य तैयारी शामिल होती है.
भारतीय वायुसेना का बेड़ा क्यों माना जाता है मजबूत?
रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय वायुसेना के पास वर्तमान में कुल 1,716 सैन्य विमान हैं. इनमें विभिन्न भूमिकाओं के लिए तैयार लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर, परिवहन विमान, प्रशिक्षण विमान और विशेष मिशन वाले एयरक्राफ्ट शामिल हैं. भारतीय वायुसेना के पास 542 लड़ाकू विमान हैं, जो सात अलग-अलग श्रेणियों में आते हैं. इसके अलावा लगभग 498 हेलीकॉप्टर भी बेड़े का हिस्सा हैं, जिनमें बड़ी संख्या में एमआई-17 हेलीकॉप्टर के साथ स्वदेशी एचएएल ध्रुव और रुद्र हेलीकॉप्टर भी शामिल हैं.
परिवहन और प्रशिक्षण क्षमता भी मजबूत
भारतीय वायुसेना केवल लड़ाकू विमानों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी परिवहन और प्रशिक्षण क्षमता भी काफी मजबूत मानी जाती है. रिपोर्ट के अनुसार, बेड़े में 282 परिवहन विमान और 374 प्रशिक्षण विमान शामिल हैं. इनमें से अधिकांश विमान नए पायलटों और वायुसेना कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए उपयोग किए जाते हैं, जिससे भविष्य की संचालन क्षमता लगातार मजबूत होती रहती है.
विशेष मिशन वाले विमान बढ़ाते हैं ताकत
भारतीय वायुसेना के पास लगभग 20 विशेष मिशन वाले विमान भी हैं. इनमें एयरबोर्न अर्ली वार्निंग सिस्टम (AEW&C), हवाई ईंधन भरने वाले विमान (Air Refuellers) और निगरानी एवं खुफिया जानकारी जुटाने वाले प्लेटफॉर्म शामिल हैं. ये विमान लंबी दूरी तक अभियान चलाने, दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने और युद्ध के दौरान संचालन क्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं.
रैंकिंग में इन क्षमताओं को भी मिलता है महत्व
WDMMA की रैंकिंग में केवल लड़ाकू विमानों को ही नहीं, बल्कि एयर रिफ्यूलिंग, एयरबोर्न अर्ली वार्निंग सिस्टम, परिवहन विमान, प्रशिक्षण प्लेटफॉर्म, क्लोज एयर सपोर्ट विमान और खुफिया मिशनों के लिए इस्तेमाल होने वाले एयरक्राफ्ट को भी महत्वपूर्ण माना जाता है. साथ ही किसी देश के स्वदेशी रक्षा उद्योग, भविष्य की खरीद योजनाओं और तकनीकी आधुनिकीकरण को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया जाता है.
अमेरिका अब भी पहले स्थान पर
रिपोर्ट में अमेरिकी वायुसेना को दुनिया की सबसे शक्तिशाली एयर फोर्स बताया गया है. अमेरिकी बेड़े का बड़ा हिस्सा अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों, बमवर्षक विमानों और विशेष मिशन वाले एयरक्राफ्ट से लैस है. यही वजह है कि अमेरिका लंबे समय से इस रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है, जबकि रूस दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहा है.
WDMMA 2026 की शीर्ष 10 वायुसेनाएं (TVR स्कोर)

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान में ऐसा क्या करने वाले हैं असीम मुनीर, जिसका लोग उड़ाने लगे मजाक? शहबाज सरकार ने दी ये जिम्मेदारी