Samsung Galaxy Z Fold 8: सैमसंग अपने साल के दूसरे Galaxy Unpacked 2026 इवेंट की तैयारियों में जुट गया है. उम्मीद की जा रही है कि कंपनी जुलाई के अंत तक इस मेगा इवेंट का आयोजन करेगी, जहां नई पीढ़ी के फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश किए जाएंगे. इस बार Galaxy Z Fold 8 और Galaxy Z Flip 8 के साथ एक नए प्रीमियम फोल्डेबल मॉडल की भी चर्चा तेज है.
फोल्डेबल सेगमेंट में फिर बड़ा दांव लगाएगी सैमसंग
फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में सैमसंग लंबे समय से अग्रणी कंपनियों में शामिल है. Galaxy Z सीरीज के तहत कंपनी अब तक कई फोल्ड और फ्लिप डिवाइस लॉन्च कर चुकी है. अब सभी की नजर आने वाले Galaxy Unpacked इवेंट पर है, जहां कंपनी अपनी अगली पीढ़ी के फोल्डेबल फोन पेश कर सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार सैमसंग केवल हार्डवेयर अपग्रेड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि फोन के डिजाइन में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
क्या इस बार मिलेगा वाइड डिस्प्ले डिजाइन?
पिछले कुछ समय से ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि सैमसंग अपने नए फोल्डेबल फोन को पहले की तुलना में ज्यादा चौड़ी (Wide) बाहरी स्क्रीन के साथ पेश कर सकता है. कुछ लीक्स में दावा किया गया है कि कंपनी Galaxy Z Fold 8 Ultra नाम से अलग मॉडल लॉन्च कर सकती है, जबकि दूसरी रिपोर्ट्स का कहना है कि Ultra वर्जन लाने की बजाय कंपनी Galaxy Z Fold 8 के डिजाइन को ही अधिक वाइड और प्रीमियम बना सकती है.
टीजर ने बढ़ाई उत्सुकता
सैमसंग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और यूट्यूब पर कई टीजर जारी किए हैं, जिन्होंने नए फोल्डेबल फोन को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है. हालांकि इन टीजर में किसी स्मार्टफोन की सीधी झलक नहीं दिखाई गई है, लेकिन चॉकलेट, ताजमहल, पिज्जा, फोटो और पजल जैसी चीजों को पहले से ज्यादा चौड़े आकार में दिखाया गया है. इसे देखकर माना जा रहा है कि कंपनी नए Galaxy Z Fold 8 के वाइड डिजाइन की ओर इशारा कर रही है.
जुलाई में हो सकता है बड़ा लॉन्च इवेंट
फिलहाल सैमसंग ने Galaxy Unpacked 2026 की आधिकारिक तारीख का खुलासा नहीं किया है. हालांकि टेक इंडस्ट्री की रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी जुलाई के अंतिम सप्ताह में इस इवेंट का आयोजन कर सकती है. इस इवेंट में Galaxy Z Fold 8, संभावित Galaxy Z Fold 8 Ultra और Galaxy Z Flip 8 समेत कई नए प्रोडक्ट्स लॉन्च होने की उम्मीद है.
डिजाइन पर टिकी हैं सबकी निगाहें
अगर सामने आ रही रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो Galaxy Z Fold 8 सीरीज अब तक के सबसे बड़े डिजाइन बदलाव के साथ आ सकती है. वाइड डिस्प्ले, बेहतर उपयोगिता और प्रीमियम अनुभव के जरिए सैमसंग एक बार फिर फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगा. फिलहाल कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- सड़क पर चलते-चलते अचानक बंद हो गया ई-रिक्शा, क्या है BAT-BMS ऐप का सच? वीडियो देख रह जाएंगे हैरान