बुरे फंसे कपिल शर्मा! 25 करोड़ की लगी चपत... जानें क्या है मामला

नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहे लोकप्रिय कॉमेडी शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के फिनाले एपिसोड की चर्चा ज़ोरों पर थी, लेकिन उससे ठीक पहले शो एक गंभीर विवाद में फंस गया है. फिल्म निर्माता फिरोज़ ए. नाडियाडवाला ने शो के निर्माताओं और नेटफ्लिक्स के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोलते हुए 25 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है.

The Great Indian Kapil Sharma Show Penalty for kiku sharda baburao act
Image Source: Social Media

नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहे लोकप्रिय कॉमेडी शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के फिनाले एपिसोड की चर्चा ज़ोरों पर थी, लेकिन उससे ठीक पहले शो एक गंभीर विवाद में फंस गया है. फिल्म निर्माता फिरोज़ ए. नाडियाडवाला ने शो के निर्माताओं और नेटफ्लिक्स के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोलते हुए 25 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है. आरोप है कि शो में ‘हेरा फेरी’ फिल्म के आइकॉनिक किरदार बाबूराव गणपतराव आप्टे का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया है.


फिरोज़ नाडियाडवाला ने यह दावा किया है कि बाबूराव सिर्फ एक काल्पनिक किरदार नहीं, बल्कि ‘हेरा फेरी’ फ्रैंचाइज़ी की पहचान है, जिसे एक खास अंदाज़ और शैली में गढ़ा गया है. उन्होंने कहा कि इस किरदार के कॉपीराइट और ट्रेडमार्क अधिकार पूरी तरह से उनके पास सुरक्षित हैं और इसके बिना अनुमति उपयोग पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

क्या है मामला

हाल ही में जारी शो के एक प्रोमो में कीकू शारदा को बाबूराव के अंदाज़ और पोशाक में कॉमेडी करते हुए दिखाया गया. इस दृश्य ने निर्माता को नाराज़ कर दिया और उन्होंने इसे कॉपीराइट उल्लंघन और ट्रेडमार्क एक्ट का उल्लंघन करार दिया. उनकी लीगल टीम का कहना है कि इस किरदार का इस्तेमाल व्यावसायिक फायदे के लिए किया गया, जबकि इसके रचनात्मक और कानूनी अधिकार निर्माता के पास हैं.

नोटिस में क्या लिखा गया?

बाबूराव नाम नाडियाडवाला परिवार के नाम से पंजीकृत ट्रेडमार्क है. कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 51 और ट्रेडमार्क एक्ट की धारा 29 के तहत उल्लंघन माना गया. विवादित कंटेंट को हटाने की मांग की गई है. 24 घंटे के भीतर औपचारिक माफी और ₹25 करोड़ का हर्जाना मांगा गया है. साथ ही भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो, इसके लिए लिखित आश्वासन भी मांगा गया है.

निर्माता का बयान

फिरोज़ नाडियाडवाला ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बाबूराव एक किरदार से कहीं बढ़कर है. यह फ्रैंचाइज़ी की आत्मा है, जिसे परेश रावल ने जीवंत बनाया. इस किरदार को हमने रचनात्मक सोच और मेहनत से गढ़ा है. किसी को भी इसके गलत या बिना अनुमति इस्तेमाल का अधिकार नहीं है.”उनकी ओर से वकील सना रईस खान ने भी सख्त प्रतिक्रिया दी: “यह केवल रचनात्मक चोरी नहीं, बल्कि आर्थिक लाभ के लिए किया गया उल्लंघन है. हम इस तरह की क्रिएटिव संपत्ति के दुरुपयोग को किसी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे.”

शो के फिनाले पर संकट

20 सितंबर को स्ट्रीम होने वाले 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के आखिरी एपिसोड में अक्षय कुमार गेस्ट के रूप में शामिल हो रहे हैं. दर्शक इस एपिसोड को लेकर बेहद उत्साहित थे, लेकिन अब यह कानूनी विवाद शो के फिनाले की रौनक को फीका कर सकता है. यह देखना दिलचस्प होगा कि शो की टीम इस कानूनी नोटिस पर क्या प्रतिक्रिया देती है और क्या वाकई शो के कंटेंट में बदलाव किया जाएगा या मामला अदालत तक पहुंचेगा.

यह भी पढ़ें: बिग बॉस के घर में दो दिल मिल रहे हैं मगर...अमाल के प्यार में नीलम! अशनूर पर फिदा हुआ नया कप्तान