साउथ सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शुमार थलापति विजय के चाहने वालों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है. जिस फिल्म को फैंस विजय की विदाई के तौर पर बड़े पर्दे पर देखने का सपना संजोए बैठे थे, उसकी रिलीज फिलहाल अधर में लटक गई है. थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ तय तारीख पर सिनेमाघरों में दस्तक नहीं दे पाएगी, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है.
फिल्म को 9 जनवरी को रिलीज किया जाना था, लेकिन रिलीज से ठीक पहले मेकर्स ने इसकी तारीख आगे बढ़ाने का फैसला लिया. प्रोडक्शन हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कुछ अप्रत्याशित परिस्थितियों के चलते फिल्म को निर्धारित दिन पर रिलीज करना संभव नहीं हो सका. हालांकि, टीम ने भरोसा दिलाया है कि नई रिलीज डेट का ऐलान जल्द किया जाएगा.
मेकर्स का आधिकारिक बयान
KVN प्रोडक्शन ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि यह फैसला उनके लिए बेहद मुश्किल था. दर्शकों और स्टेकहोल्डर्स की भावनाओं को समझते हुए उन्होंने कहा कि ‘जन नायकन’ को लेकर फैंस का जोश और इंतजार वे भली-भांति जानते हैं. बावजूद इसके, कुछ ऐसी वजहें सामने आईं जो उनके नियंत्रण से बाहर थीं. मेकर्स ने फैंस से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि फिल्म को जल्द ही बड़े पर्दे पर लाने की पूरी कोशिश की जा रही है.
सेंसर सर्टिफिकेट बना सबसे बड़ी अड़चन
दरअसल, ‘जन नायकन’ को अब तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया है. इसी को लेकर मामला मद्रास हाई कोर्ट तक पहुंच गया. 7 जनवरी को अदालत ने फिल्म की रिलीज से जुड़े आदेश को फिलहाल सुरक्षित रख लिया. इसके साथ ही कोर्ट ने सेंसर बोर्ड को फिल्म की समीक्षा के लिए नई समिति गठित करने के निर्देश भी दिए. बताया जा रहा है कि बोर्ड की ओर से कुछ दृश्यों में कट और संवादों को म्यूट करने का सुझाव दिया गया था, जिस पर विवाद खड़ा हो गया.
थलापति विजय की आखिरी फिल्म
‘जन नायकन’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि थलापति विजय के करियर का आखिरी अध्याय मानी जा रही है. राजनीति में सक्रिय हो चुके विजय पहले ही एक्टिंग से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं. इस फिल्म के बाद वह पूरी तरह राजनीति पर फोकस करेंगे. हाल ही में रिलीज हुआ ‘जन नायकन’ का ट्रेलर दर्शकों को खूब पसंद आया, जिससे फिल्म को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गई थीं. अब ऐसे में रिलीज डेट टलने से फैंस को थोड़ी निराशा जरूर हुई है, लेकिन विजय को आखिरी बार सिल्वर स्क्रीन पर देखने की चाह और भी गहरी हो गई है. नई तारीख के ऐलान तक दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा.
यह भी पढ़ें: Toxic Teaser: यश के बर्थडे पर फैंस को तोहफा, फिल्म 'टॉक्सिक' का धांसू टीजर रिलीज, दिखा खतरनाक अवतार