बॉक्स ऑफिस पर जलवा बिखेड़ रहा "तेरे इश्क में", तोड़ दिए 10 साल पुराने रिकॉर्ड; जानें कितनी हुई कमाई

Tere Ishk Mein Box Office Day 2: धनुष स्टारर फिल्म ‘तेरे इश्क में’ ने रिलीज़ के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर ऐसी शुरुआत की कि यह 2025 में टॉप ओपनिंग लेने वाली फिल्मों की सूची में सीधे शामिल हो गई.

Tere Ishk Mein dhanush movie Box Office Day 2 Broke 10 year old records
Image Source: Social Media

Tere Ishk Mein Box Office Day 2: धनुष स्टारर फिल्म ‘तेरे इश्क में’ ने रिलीज़ के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर ऐसी शुरुआत की कि यह 2025 में टॉप ओपनिंग लेने वाली फिल्मों की सूची में सीधे शामिल हो गई. 28 नवंबर को सिनेमाघरों में उतरी इस रोमांटिक ड्रामा ने दर्शकों को पहले दिन से ही अपनी ओर आकर्षित किया और थिएटरों में अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली.

आनंद एल राय की प्रेम कहानियाँ हमेशा से ही सिनेमाप्रेमियों में खास रुचि जगाती रही हैं. उनकी पिछली फिल्मों की तरह, इस फिल्म को भी रिलीज़ होते ही सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ मिलने लगीं, जिसने इसकी शुरुआती कमाई को और गति दी. दूसरे दिन भी फिल्म का प्रदर्शन स्थिर बना हुआ है और बॉक्स ऑफिस संकेत दे रहा है कि फिल्म आने वाले दिनों में और बड़ा उछाल ले सकती है.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Aanand L Rai (@aanandlrai)

बॉक्स ऑफिस पर ‘तेरे इश्क में’ की कमाई

पहले दिन फिल्म ने लगभग 16 करोड़ रुपये की कमाई कर शानदार शुरुआत की. दूसरे दिन दोपहर 3:10 बजे तक के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार (सैक्निल्क के अनुमान), फिल्म ने करीब 4.35 करोड़ रुपये जुटाए, जिससे दो दिन का कुल कारोबार 20.35 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है.

ध्यान रहे कि यह आंकड़े प्रारंभिक हैं, इसलिए इनमें बदलाव संभव है. फिल्म ट्रेड पंडितों का मानना है कि शाम और रात के शो की कमाई बढ़ने पर दूसरे दिन का कुल कलेक्शन और बेहतर हो सकता है.

फिल्म को हिट बनने के लिए कितना कमाना होगा?

रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘तेरे इश्क में’ का कुल बजट लगभग 85 करोड़ रुपये है. फिल्म उद्योग के मानकों के मुताबिक, किसी भी फिल्म को हिट माने जाने के लिए उसे अपने निर्माण खर्च से कम से कम दो गुना कमाई करनी होती है. इसी आधार पर, ‘तेरे इश्क में’ को करीब 130 करोड़ रुपये का कुल व्यवसाय करना आवश्यक होगा ताकि इसे साफ तौर पर हिट घोषित किया जा सके.

वर्ल्डवाइड कमाई भी मज़बूत

सैक्निल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन 22 करोड़ रुपये से अधिक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन हासिल कर लिया था. धनुष की फैन फॉलोइंग भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी मजबूत रही है, जो फिल्म की ग्लोबल कमाई में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है.

धनुष की ‘शमिताभ’ का रिकॉर्ड टूटा

दो दिनों की कमाई देखते हुए, ‘तेरे इश्क में’ ने एक और दिलचस्प उपलब्धि हासिल कर ली है. यह फिल्म अब तक उतनी ही कमाई कर चुकी है, जितनी धनुष की 2015 की फिल्म ‘शमिताभ’ ने अपनी पूरी रन के दौरान की थी. ‘शमिताभ’ का कुल कलेक्शन 22.27 करोड़ रुपये के आसपास रहा था. उस फिल्म में धनुष के साथ मेगास्टार अमिताभ बच्चन भी थे, लेकिन ‘तेरे इश्क में’ की शुरुआती दौड़ उससे कहीं तेज साबित हो रही है.

अब अगला लक्ष्य: ‘रांझणा’

धनुष की 2013 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘रांझणा’ ने भारत में 60.22 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था. फैंस को उम्मीद है कि मौजूदा रफ्तार से ‘तेरे इश्क में’ आने वाले हफ्तों में ‘रांझणा’ को पीछे छोड़कर धनुष की सबसे सफल हिंदी फिल्मों में शामिल हो सकती है.

दूसरे दिन भी सिनेमाघरों में अच्छी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं, जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में तेज उछाल आएगा. यदि फिल्म इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही, तो यह न केवल अपने बजट की भरपाई कर लेगी बल्कि धनुष के करियर की सबसे बड़ी हिंदी हिट भी बन सकती है.

यह भी पढ़ें- शादी के दो साल बाद गुड न्यूज, जल्द पिता बनने वाले हैं रणदीप हुड्डा