T20 मुंबई के फाइनल में गरमाया माहौल, आपस में भिड़ गए खिलाड़ी, आ गई हाथपाई की नौबत! देखें Video

टी20 मुंबई 2026 के फाइनल मुकाबले में क्रिकेट के साथ-साथ मैदान पर तनावपूर्ण माहौल भी देखने को मिला.

Tensions in T20 Mumbai final players Fight Between Gaurav Jathar And Rohan Raje video
Image Source: Social Media

मुंबई: टी20 मुंबई 2026 के फाइनल मुकाबले में क्रिकेट के साथ-साथ मैदान पर तनावपूर्ण माहौल भी देखने को मिला. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए खिताबी मैच के दौरान आर्क्स अंधेरी के बल्लेबाज गौरव जठार और मराठा रॉयल्स के खिलाड़ी रोहन राजे के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे कुछ देर के लिए मैदान का माहौल गर्मा गया.

घटना दूसरी पारी के 19वें ओवर में हुई. गौरव जठार ने ओवर की दूसरी गेंद पर शानदार छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर इरफान उमैर ने उन्हें आउट कर दिया. आउट होकर लौटते समय गौरव और मैदान पर मौजूद रोहन राजे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई.

स्थिति बिगड़ती देख चौथे अंपायर ने हस्तक्षेप कर दोनों खिलाड़ियों को अलग करने की कोशिश की. हालांकि कुछ ही देर बाद दोनों खिलाड़ी फिर आमने-सामने आ गए और बहस तेज हो गई. इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी बीच-बचाव के लिए मैदान पर पहुंचे और मामला शांत कराया गया.

रोमांचक मुकाबले में मराठा रॉयल्स की जीत

फाइनल मुकाबले में मराठा रॉयल्स ने बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम किया. कप्तान सिद्धेश लाड की अगुवाई वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 154 रन बनाए. टीम की ओर से चिन्मय राजेश सुतार ने 61 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर्क्स अंधेरी की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बना सकी और मैच 8 रन से हार गई.

आखिरी ओवर में रोहन राजे ने पलटा मैच

अंधेरी को अंतिम दो ओवर में जीत के लिए 24 रन चाहिए थे. 19वें ओवर में टीम ने 11 रन जुटाए, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया. लेकिन आखिरी ओवर में गेंदबाजी करने आए रोहन राजे ने शानदार नियंत्रण दिखाते हुए सिर्फ 5 रन खर्च किए और अपनी टीम को जीत दिला दी.

आर्क्स अंधेरी की ओर से खेल रहे अर्जुन तेंदुलकर बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ सके. उन्होंने 12 गेंदों का सामना करते हुए केवल 2 रन बनाए.

39 वर्षीय रोहन राजे घरेलू क्रिकेट का अनुभवी नाम हैं. वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के शुरुआती सीजनों में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं. उन्होंने 2008 और 2009 में टीम के लिए कुल 10 मुकाबले खेले थे. हालांकि 2017 के बाद उन्हें मुंबई की घरेलू टीम में नियमित अवसर नहीं मिला.

ये भी पढ़ें- Indus Water Treaty: एक तिहाई पाकिस्तान में पानी का संकट, सूखे जैसे हालात; भारत के एक्शन से मचा हाहाकार!