Kal Ka Mausam 14 June 2026: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलता नजर आ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है.
वहीं दूसरी ओर, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है.
दिल्ली-एनसीआर
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में दिन की शुरुआत तेज धूप और उमस के साथ हो सकती है. हालांकि शाम या रात के समय धूल भरी आंधी चलने और मौसम में बदलाव की संभावना है. तेज हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं 17 जून तक तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. कुछ इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है.
महाराष्ट्र
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है. वहीं कोंकण और गोवा में उमस भरा मौसम बना रहेगा.
राजस्थान
पश्चिमी राजस्थान में तेज हवाओं और धूल भरी आंधी का असर देखने को मिल सकता है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है. 17 जून तक तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है.
मध्य प्रदेश
राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
बिहार
बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं. लोगों को विशेष रूप से आकाशीय बिजली से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में भीषण गर्मी का दिखा असर, बीयर की डिमांड हुई हाई, मई में बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड