इंडक्शन चूल्हे की सफाई के दौरान न करें ये 2 बड़ी गलतियां, वरना हो सकता है नुकसान!

Induction Cooktop: LPG की कमी के चलते पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है. जहां कई लोग पहले से इस पर खाना बनाते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में नए यूजर्स भी इस तकनीक की ओर रुख कर रहे हैं.

Tech Do not make these 2 big mistakes while cleaning induction stove otherwise it may cause damage
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik


Induction Cooktop: LPG की कमी के चलते पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है. जहां कई लोग पहले से इस पर खाना बनाते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में नए यूजर्स भी इस तकनीक की ओर रुख कर रहे हैं.

हालांकि इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल आसान जरूर है, लेकिन इसकी सही सफाई और देखभाल करना बेहद जरूरी होता है. थोड़ी सी लापरवाही इसके ग्लास या सिरेमिक सरफेस को नुकसान पहुंचा सकती है. ऐसे में इसे साफ करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.

ठंडा होने के बाद ही करें सफाई

इंडक्शन चूल्हे की सफाई करते समय सबसे जरूरी बात यह है कि इसे पूरी तरह ठंडा होने दें. खाना बनाते समय अगर कुछ गिर जाए तो तुरंत साफ करने की कोशिश न करें. गर्म सतह पर पानी या किसी लिक्विड का इस्तेमाल करने से दाग और ज्यादा चिपक सकते हैं. इसलिए पहले पावर सप्लाई बंद करें और चूल्हे को ठंडा होने दें, उसके बाद ही सफाई करें.

विनेगर से हटाएं जिद्दी दाग

अगर चूल्हे पर पानी या खाने के दाग रह गए हैं, तो उन्हें हटाने के लिए विनेगर का इस्तेमाल किया जा सकता है. एक ढक्कन विनेगर और एक ढक्कन पानी मिलाकर घोल तैयार करें और मुलायम कपड़े से साफ करें. यह तरीका सरफेस को नुकसान पहुंचाए बिना दाग हटाने में मदद करता है और चूल्हा साफ व चमकदार दिखता है.

क्रैक वाले हिस्सों की करें सावधानी से सफाई

अगर इंडक्शन कुकटॉप के ग्लास या सिरेमिक हिस्से में कहीं क्रैक आ गया है, तो सफाई करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए. क्रैक के अंदर अगर गंदगी या कोई पदार्थ फंस जाए, तो गर्म होने पर वह जल सकता है, जिससे बदबू आने लगती है और सरफेस को नुकसान भी हो सकता है.

सफाई करते समय इन गलतियों से बचें

अमोनिया बेस्ड क्लीनर का न करें इस्तेमाल

इंडक्शन चूल्हा साफ करते समय अमोनिया या अमोनिया आधारित क्लीनर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. इससे चूल्हे का रंग फीका पड़ सकता है और उसकी फिनिशिंग खराब हो सकती है.

ज्यादा दबाव डालने से बचें

सफाई करते समय चूल्हे पर ज्यादा जोर लगाने से उसके कांच या अन्य हिस्से खराब हो सकते हैं. इसलिए हमेशा हल्के हाथों से और मुलायम कपड़े का इस्तेमाल करें.

सही हैंडलिंग भी है जरूरी

इंडक्शन कुकटॉप की सफाई के साथ-साथ उसकी सही हैंडलिंग भी बेहद जरूरी है. सफाई करते समय हमेशा बिजली का कनेक्शन हटा दें और सूखे, मुलायम कपड़े से पोंछें. इसके अलावा खाना बनाते समय बर्तनों को कुकटॉप की सतह पर घसीटने से बचें. ऐसा करने से स्क्रैच आ सकते हैं, जिनमें बाद में गंदगी जमा हो जाती है और सफाई मुश्किल हो जाती है.

सही देखभाल से बढ़ेगी उम्र

अगर इंडक्शन चूल्हे की नियमित और सही तरीके से सफाई की जाए, तो यह लंबे समय तक सही तरीके से काम करता है. साथ ही इसकी चमक और परफॉर्मेंस भी बनी रहती है. इसलिए छोटे-छोटे सावधानियों को अपनाकर आप अपने इंडक्शन कुकटॉप को सुरक्षित और टिकाऊ बना सकते हैं.

ये भी पढ़ें- होर्मुज स्ट्रेट का टेंशन खत्म! इस नए रूट से गुजरेंगे जहाज, चार शिप सुरक्षित निकले; अब क्या करेगा ईरान?