सावधान! ये ऐप्स चुपचाप चुरा सकती हैं आपकी निजी जानकारी, ऐसे करें पहचान

Mobile Apps Safety: आज के समय में लगभग हर काम के लिए मोबाइल ऐप मौजूद है. खाना ऑर्डर करने से लेकर टिकट बुक करने और ऑनलाइन शॉपिंग तक, ज्यादातर काम लोग ऐप्स के जरिए ही करते हैं. इसी वजह से समय के साथ हमारे फोन में कई ऐप्स जमा हो जाती हैं.

Tech Beware These apps can stealthily steal your personal information here how to identify them
Image Source: Freepik

Mobile Apps Safety: आज के समय में लगभग हर काम के लिए मोबाइल ऐप मौजूद है. खाना ऑर्डर करने से लेकर टिकट बुक करने और ऑनलाइन शॉपिंग तक, ज्यादातर काम लोग ऐप्स के जरिए ही करते हैं. इसी वजह से समय के साथ हमारे फोन में कई ऐप्स जमा हो जाती हैं.

अक्सर लोग कोई नया ऐप इंस्टॉल करते समय उसकी परमिशन पर ज्यादा ध्यान नहीं देते और जल्दी-जल्दी सभी परमिशन Allow कर देते हैं. लेकिन यह आदत आपकी प्राइवेसी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है. कई ऐप्स जरूरत से ज्यादा जानकारी जुटाती हैं और आपके डेटा को ट्रैक करती रहती हैं.

हेल्थ और लाइफस्टाइल ऐप्स

आजकल कई लोग स्लीप ट्रैकर, स्टेप काउंटर और कैलोरी ट्रैकिंग जैसी हेल्थ ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं. ये ऐप्स उपयोगी जरूर हैं, लेकिन कई बार जरूरत से ज्यादा परमिशन मांग लेती हैं. उदाहरण के लिए, कुछ ऐप्स माइक्रोफोन, फोटो गैलरी और कॉन्टैक्ट्स तक पहुंच मांगती हैं, जबकि उनके काम के लिए इनकी जरूरत नहीं होती. ऐसे में किसी भी हेल्थ ऐप को परमिशन देने से पहले उसकी जरूरत जरूर समझ लें.

नेविगेशन ऐप्स भी रखती हैं नजर

मैप और नेविगेशन ऐप्स को रास्ता दिखाने के लिए आपकी लोकेशन की जरूरत होती है. लेकिन कई ऐप्स सिर्फ मौजूदा लोकेशन ही नहीं, बल्कि आपकी पूरी लोकेशन हिस्ट्री भी सेव कर सकती हैं.

इससे यह जानकारी मिल सकती है कि आप कहां-कहां जाते हैं, कब घर से निकलते हैं और किन जगहों पर सबसे ज्यादा समय बिताते हैं. यही कारण है कि लोकेशन परमिशन देते समय सावधानी बरतना जरूरी है.

शॉपिंग ऐप्स से भी रहें सतर्क

ऑनलाइन शॉपिंग ऐप्स भी कई बार जरूरत से ज्यादा डेटा एक्सेस करने की कोशिश करती हैं. कई लोगों का दावा है कि जिस प्रोडक्ट की वे चर्चा करते हैं, कुछ समय बाद उसी तरह के विज्ञापन या सुझाव उन्हें दिखने लगते हैं.

हालांकि इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, लेकिन एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि फोन में सिर्फ उन्हीं शॉपिंग ऐप्स को रखें जिनका आप नियमित इस्तेमाल करते हैं. जिन ऐप्स की जरूरत नहीं है, उन्हें हटाना बेहतर रहता है.

ऐप की परमिशन कैसे चेक करें?

अगर आप एंड्रॉयड फोन इस्तेमाल करते हैं तो Settings में जाकर Apps सेक्शन खोलें. यहां किसी भी ऐप को चुनकर उसकी सभी परमिशन देख सकते हैं और जरूरत न होने पर उन्हें बंद भी कर सकते हैं.

वहीं iPhone यूजर्स Settings में जाकर Privacy & Security सेक्शन खोल सकते हैं. यहां अलग-अलग परमिशन की सूची दिखाई देती है. किसी भी कैटेगरी पर टैप करके यह देखा जा सकता है कि कौन-कौन सी ऐप उस परमिशन का इस्तेमाल कर रही हैं.

क्या करें?

मोबाइल में कोई भी नया ऐप इंस्टॉल करने से पहले उसकी परमिशन जरूर पढ़ें. सिर्फ वही एक्सेस दें जिसकी ऐप को वास्तव में जरूरत हो. समय-समय पर अपने फोन की ऐप परमिशन की जांच करते रहें और बेकार ऐप्स को हटा दें. इससे आपकी निजी जानकारी ज्यादा सुरक्षित रहेगी.

ये भी पढ़ें- Flex Fuel Car India: लॉन्च हुई भारत की पहली फ्लेक्स फ्यूल कार, जानिए इसमें क्या है खास?