Phone Battery Explosion: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने मोबाइल बैटरी से जुड़ी लापरवाही के खतरों को फिर से उजागर कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, परीक्षा की तैयारी कर रहे दो सगे भाइयों के साथ यह हादसा उस समय हुआ, जब वे घर में अकेले थे और एक पुराने मोबाइल की बैटरी से खेल रहे थे. इसी दौरान अचानक बैटरी में विस्फोट हो गया.
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में लगभग 10 साल का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. विस्फोट इतना तेज था कि बच्चे के हाथ का अंगूठा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसकी बाकी चार उंगलियां भी बुरी तरह जख्मी हो गईं. उसका छोटा भाई अनुज कुमार भी इस घटना में मौजूद था, हालांकि उसकी चोटों के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. बताया जा रहा है कि बैटरी अचानक क्यों फटी, इसका सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इसे पुराने और खराब हो चुके मोबाइल बैटरी से जोड़कर देखा जा रहा है.
पुराने मोबाइल की बैटरी क्यों बनती है खतरा?
विशेषज्ञों के अनुसार, स्मार्टफोन की बैटरियां एक निश्चित समय तक ही सुरक्षित रहती हैं. लंबे समय तक इस्तेमाल या खराब स्थिति में रखी गई बैटरियां फूलने लगती हैं, जो बेहद खतरनाक संकेत होता है. ऐसी फूली हुई बैटरी के फटने की संभावना काफी ज्यादा होती है.
इसके अलावा, पुरानी बैटरी अधिक गर्म होने पर शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकती है. इससे न सिर्फ बैटरी में विस्फोट हो सकता है, बल्कि घर में आग लगने का भी खतरा रहता है. कई मामलों में बैटरी से केमिकल लीक होने की भी आशंका रहती है, जो त्वचा, कपड़ों या आंखों के संपर्क में आने पर गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.
दबाव और गर्मी से बढ़ता है विस्फोट का खतरा
जब पुरानी बैटरी पर दबाव डाला जाता है या उसे किसी भारी चीज से दबाने की कोशिश की जाती है, तो उसके अंदर केमिकल रिएक्शन तेज हो सकता है. ऐसी स्थिति में बैटरी फट सकती है, जिससे गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है. खासकर बच्चों के हाथ में यह चीज और भी ज्यादा जोखिम भरी हो जाती है, क्योंकि वे अनजाने में बैटरी को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
पुरानी बैटरी के साथ क्या करें?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि पुराने स्मार्टफोन या उनकी बैटरियों को लंबे समय तक घर में रखना सुरक्षित नहीं है. यदि कोई डिवाइस इस्तेमाल में नहीं है, तो उसे सही तरीके से रीसायकल करना बेहतर होता है.
आजकल कई कंपनियां और स्टार्टअप पुराने मोबाइल खरीदते हैं, जहां इन्हें सुरक्षित तरीके से निपटाया जा सकता है. इसके अलावा, पुरानी बैटरी को कभी भी धूप में या ज्यादा गर्म जगह पर नहीं रखना चाहिए. इससे बैटरी के अंदर तापमान बढ़ सकता है और विस्फोट का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
सावधानी ही सुरक्षा
यह घटना एक चेतावनी है कि मोबाइल जैसी आम चीज भी लापरवाही की वजह से खतरनाक बन सकती है. खासकर बच्चों को ऐसी चीजों से दूर रखना और उन्हें इसके खतरे के बारे में समझाना बेहद जरूरी है. छोटी सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है.
ये भी पढ़ें- यूपी में गर्मी का प्रकोप बढ़ा, बांदा सबसे गर्म; आने वाले दिनों में पारा और चढ़ने के आसार