‘हनुमान अंश’ का टीजर रिलीज, नीब करौरी बाबा के जीवन और संदेश पर बनेगी भावनात्मक फिल्म

Hanuman Ansh: स्वयंभू मीडिया नेटवर्क की फिल्म ‘हनुमान अंश’, जो श्री नीब करौरी बाबा के जीवन और उनके संदेश से प्रेरित है, 31 जुलाई 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी हैं.

Teaser for Hanuman Ansh film based on the life and message of Neeb Karori Baba is in the making
Image Source: Social Media

Hanuman Ansh: स्वयंभू मीडिया नेटवर्क की फिल्म ‘हनुमान अंश’, जो श्री नीब करौरी बाबा के जीवन और उनके संदेश से प्रेरित है, 31 जुलाई 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी हैं. इसमें शोभिना डब्ल्यू सत्या, विहान एस हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के रस्तोगी और गुलशन पांडे मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म के निर्माता रागिनी एस, नम्रता जी सिंह, अनुप्रिया ए नागर और विशाल चतुर्वेदी हैं. फिल्म को पूरे भारत में सिनेपोलिस रिलीज़ करेगा.

‘हनुमान अंश’ आस्था, सेवा, प्रेम और सादगी की कहानी है. यह फिल्म भारत की संत परंपरा को बड़े पर्दे पर दिखाती है. इसमें श्री नीब करौरी बाबा के जीवन और उनके उस संदेश को सामने लाया गया है, जिसने लाखों लोगों को प्रेरित किया है, “सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो, सबको भोजन कराओ और राम को याद रखो.”

श्री नीब करौरी बाबा का प्रभाव केवल भारत तक ही सीमित नहीं रहा. दुनिया भर के कई बड़े उद्योगपति, कलाकार, खिलाड़ी और लाखों श्रद्धालु उनके जीवन और विचारों से प्रेरित हुए हैं. स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, जूलिया रॉबर्ट्स, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसे कई प्रसिद्ध नाम भी उनके आध्यात्मिक प्रभाव से जुड़े रहे हैं. स्टीव जॉब्स की कैंची धाम यात्रा, मार्क जुकरबर्ग का वहां जाना, जूलिया रॉबर्ट्स का बाबा की तस्वीर से प्रभावित होना और विराट-अनुष्का के आश्रम दर्शन जैसी बातें पहले भी चर्चा में रही हैं.

पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों ने धर्म, भक्ति और भारतीय संस्कृति से जुड़ी फिल्मों को खूब पसंद किया है. लालो, कृष्णावर्तम, हनु-मान और महावतार नरसिंह जैसी फिल्मों की सफलता इसका उदाहरण है. इन्हीं फिल्मों की तरह ‘हनुमान अंश’ भी एक ऐसी कहानी लेकर आ रही है जो दिल को छूने के साथ-साथ आध्यात्मिक अनुभव भी देती है.

यह फिल्म सिर्फ एक संत की जीवनी नहीं है, बल्कि भक्ति, सेवा, विश्वास और समर्पण की यात्रा है. यह फिल्म केवल बाबा के भक्तों के लिए नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए है जो जीवन में शांति, प्रेम और सही मार्ग की तलाश कर रहा है.

फिल्म के निर्माताओं का कहना है, “यह फिल्म उन सभी लोगों के लिए है जिनके जीवन में गुरु हैं और उनके लिए भी जो अपने गुरु की तलाश में हैं. ‘हनुमान अंश’ हमारे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि सेवा है. यह हमारी छोटी-सी कोशिश है कि महाराज जी का प्रेम, सेवा, विनम्रता और राम भक्ति का संदेश हर घर तक पहुंचे.” 

भावपूर्ण कहानी, भक्ति से भरा संगीत और श्री नीब करौरी बाबा के संदेश के साथ ‘हनुमान अंश’ दर्शकों को एक अलग और सच्चा सिनेमाई अनुभव देने का प्रयास करती है. ‘हनुमान अंश’ 31 जुलाई 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. फिल्म का टीज़र अब रिलीज़ हो चुका है.

ये भी पढ़ें- वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, दूतावास ने शुरू किया हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम