टेक्नोलॉजिया! ऐसी लॉलीपॉप जिसकी एक बाइट लेते ही कानों में बजने लगेगा गाना, CES 2026 में हुई लॉन्च

टेक्नोलॉजी की दुनिया में हर साल कुछ ऐसा सामने आता है जो लोगों को चौंका देता है, और इस बार CES 2026 में एक मीठा लेकिन बेहद अनोखा गैजेट सुर्खियों में है.

Taste One Bite of lollipop and You will Get Music in Your Head Launched in CES Event 2026
Image Source: Social Media

टेक्नोलॉजी की दुनिया में हर साल कुछ ऐसा सामने आता है जो लोगों को चौंका देता है, और इस बार CES 2026 में एक मीठा लेकिन बेहद अनोखा गैजेट सुर्खियों में है. इस खास लॉलीपॉप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे खाते समय म्यूजिक सीधे आपके सिर के अंदर सुनाई देता है. न हेडफोन, न स्पीकर—बस एक लॉलीपॉप और अनोखा अनुभव.


इस अनोखे प्रोडक्ट को Lava Tech Brands ने पेश किया है और इसका नाम रखा गया है Lollipop Star. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह देखने में एक साधारण लॉलीपॉप जैसा है, लेकिन इसके अंदर छुपी टेक्नोलॉजी इसे बिल्कुल अलग बना देती है. यह लॉलीपॉप बिना किसी पारंपरिक स्पीकर के काम करता है और बोन-कंडक्शन टेक्नोलॉजी के जरिए म्यूजिक को सीधे आपके कानों तक पहुंचाता है.

बिना स्पीकर कैसे सुनाई देता है गाना?

लॉलीपॉप स्टार में एक छोटा सा इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगा होता है. इसे खाने के दौरान यूज़र को अपने पीछे के दांतों से लॉलीपॉप को हल्के से दबाना होता है. जैसे ही ऐसा किया जाता है, कंपन (वाइब्रेशन) जबड़े की हड्डी के जरिए सीधे कान के अंदर पहुंचती है. यही कंपन म्यूजिक का एहसास कराती है, जिससे ऐसा लगता है कि गाना आपके सिर के अंदर बज रहा है.यह तकनीक सामान्य ईयरफोन से अलग है, क्योंकि इसमें हवा के जरिए आवाज नहीं जाती, बल्कि हड्डियों के जरिए साउंड ट्रांसफर होता है.

कीमत और डिजाइन की जानकारी

Lollipop Star की कीमत करीब 8.99 डॉलर रखी गई है और CES के बाद इसे बिक्री के लिए उतारा जाएगा. इसमें दो हिस्से होते हैं—ऊपर खाने वाला कैंडी वाला हिस्सा और नीचे हैंडल में लगा इलेक्ट्रॉनिक मॉड्यूल. इसके बेस में पावर बटन और वाइब्रेशन सिस्टम दिया गया है. जैसे ही बटन ऑन किया जाता है और लॉलीपॉप को दांतों से दबाया जाता है, म्यूजिक बजने लगता है.

हर फ्लेवर के साथ अलग गाना

कंपनी ने लॉन्च के साथ कुछ खास फ्लेवर और आर्टिस्ट्स को जोड़ा है.एक वर्जन में पीच फ्लेवर के साथ Ice Spice का गाना है,दूसरे में ब्लूबेरी फ्लेवर के साथ Akon की आवाज,और तीसरे में लाइम फ्लेवर के साथ Armani White का ट्रैक शामिल है.हर लॉलीपॉप में सिर्फ एक ही गाना पहले से लोड होता है, जिसे अलग से एक्सेस नहीं किया जा सकता.

मजेदार एक्सपीरियंस, हाई-एंड ऑडियो नहीं

कंपनी ने साफ किया है कि यह प्रोडक्ट किसी प्रोफेशनल म्यूजिक डिवाइस के तौर पर नहीं बनाया गया है. इसका मकसद सिर्फ मज़ा और नया अनुभव देना है. CES में मौजूद प्रतिनिधियों के मुताबिक, Lollipop Star को खासतौर पर बच्चों और इम्पल्स बायर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. CES 2026 में पेश हुए इस टेक्नो-कैंडी इनोवेशन ने साबित कर दिया है कि टेक्नोलॉजी अब सिर्फ गैजेट्स तक सीमित नहीं रही, बल्कि स्वाद और मनोरंजन के साथ भी जुड़ने लगी है.

यह भी पढ़ें: AI से भूलकर भी न पूछें ये 6 सवाल, वरना चुकानी पड़ सकती है भारी कीमत, चैटबॉट यूज करते समय रहें सावधान