T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है, लेकिन टूर्नामेंट से पहले ही एक बड़ा विवाद सुर्खियों में है. इस बार सवाल मैदान या टीम कॉम्बिनेशन का नहीं, बल्कि बांग्लादेश टीम के मैचों की मेजबानी को लेकर उठ खड़ा हुआ है. भारत में होने वाले बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज मुकाबलों पर आपत्ति जताते हुए अब यह मामला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट राजनीति तक पहुंच गया है, जहां पाकिस्तान और यूएई जैसे देशों के नाम भी चर्चा में आ गए हैं.
शेड्यूल के मुताबिक, बांग्लादेश को अपने चार ग्रुप मैच भारत में खेलने हैं. तीन मुकाबले कोलकाता और एक मुंबई में प्रस्तावित हैं. लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा का हवाला देते हुए इन वेन्यू पर असहमति जताई है. इसी बीच एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी में दिलचस्पी दिखाई है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया.
पाकिस्तान, यूएई या श्रीलंका—BCB का खुला रुख
बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल के बयान ने विवाद को और तेज कर दिया. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की चिंता किसी एक शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे भारत में खेलने को लेकर है. नजरुल के अनुसार, अगर मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराए जाते हैं, तो बोर्ड को कोई आपत्ति नहीं होगी. उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर पाकिस्तान या यूएई में मैच कराए जाते हैं, तब भी बांग्लादेश को कोई दिक्कत नहीं है.
ICC की सुरक्षा रिपोर्ट को लेकर दावा
आसिफ नजरुल ने यह भी कहा कि आईसीसी की सुरक्षा टीम ने बीसीबी को एक पत्र भेजा है, जिसमें कुछ विशेष परिस्थितियों में जोखिम बढ़ने की बात कही गई है. उनके मुताबिक, अगर मुस्तफिजुर रहमान टीम का हिस्सा होते हैं, स्टेडियम में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी समर्थक राष्ट्रीय जर्सी पहनकर मौजूद रहते हैं और भारत में चुनावी माहौल सक्रिय रहता है, तो सुरक्षा चुनौतियां बढ़ सकती हैं. उन्होंने इन बिंदुओं को भारत में खेलने के खिलाफ एक मजबूत संकेत बताया.
ICC ने बयान को किया खारिज
हालांकि, आईसीसी ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. आईसीसी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञों द्वारा किए गए स्वतंत्र मूल्यांकन में भारत को ‘कम से मध्यम जोखिम’ वाली श्रेणी में रखा गया है. आईसीसी का कहना है कि टूर्नामेंट के दौरान बांग्लादेश टीम, खिलाड़ियों या मैच स्थलों को लेकर किसी गंभीर खतरे की पहचान नहीं हुई है और मौजूदा सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त हैं.
विवाद की जड़ कहां से निकली?
इस पूरे मामले की शुरुआत उस वक्त हुई, जब आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर रिलीज कर दिया गया. इसके बाद बीसीबी ने आईसीसी से अपने मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग उठाई. बांग्लादेश बोर्ड की पहली पसंद श्रीलंका रही है, जो पहले से ही इस वर्ल्ड कप का सह-मेजबान देश है.
यह भी पढ़ें: WPL 2026: ग्रेस हैरिस- स्मृति मंधाना की धुंआधार पारी, RCB ने यूपी वॉरियर्स को 9 विकेट से दी शिकस्त