Suryakumar Yadav On Varun Chakravarthy: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए निराशाजनक रहा. 4 ओवर में 64 रन खर्च कर वे टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे महंगे स्पेल फेंकने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए. अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या इतनी महंगी गेंदबाजी के बाद वरुण को प्लेइंग 11 में जगह मिलेगी या फिर भारतीय कप्तान सूर्या एक नया विकल्प आज़माएंगे? इस मुद्दे पर सूर्या ने अपनी राय साझा की है.
कुलदीप लेंगे वरूण की जगह?
भारत के पास वरुण चक्रवर्ती के अलावा दूसरा विकल्प भी है—चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव. कुलदीप ने इस वर्ल्ड कप में एक मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने 1 विकेट लिया था. हालांकि, चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्या कप्तान सूर्या कुलदीप को उनकी जगह देंगे? इस पर फैसला मैच से पहले कप्तान सूर्या ने किया.
'वरुण की फॉर्म पर चिंता की कोई बात नहीं'
कप्तान सूर्या ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरुण चक्रवर्ती के बारे में कहा, "वरुण की फॉर्म को लेकर हमें कोई चिंता नहीं है. यह एक टीम खेल है, और हम गेम जीतने पर ध्यान दे रहे हैं. हम ज्यादा उस पर विचार नहीं करते (वरुण के प्रदर्शन पर). हम सेमीफाइनल जीत चुके हैं, और वरुण को पता है कि टीम को कैसे जीताना है. अगर कोई बदलाव हुआ तो वह कल देखा जाएगा."
ग्रुप स्टेज में वरुण का शानदार प्रदर्शन
वरुण चक्रवर्ती ने ग्रुप चरण में शानदार गेंदबाजी की थी. उन्होंने 4 मैचों में 12 ओवर फेंके, जिसमें 6.88 की औसत से 9 विकेट लिए थे. उनकी इकॉनमी 5.16 थी, जो टी20 क्रिकेट के लिहाज से बहुत अच्छा माना जाता है. उनके इस प्रदर्शन से यह साफ था कि वे भारत के लिए एक अहम गेंदबाज हो सकते हैं.
सुपर-8 में गिरा चक्रवर्ती का प्रदर्शन
लेकिन सुपर-8 चरण में वरुण के आंकड़े में भारी गिरावट आई. 4 मैचों में 16 ओवर गेंदबाजी करने के बाद उन्होंने सिर्फ 4 विकेट हासिल किए और उनका औसत 46.50 रहा. साथ ही उनकी इकॉनमी भी 11.62 तक पहुंच गई, जो टी20 क्रिकेट के लिहाज से बेहद खराब है. ऐसे में क्या कप्तान सूर्या इस खराब फॉर्म के बावजूद वरुण पर भरोसा करेंगे या किसी और विकल्प की ओर रुख करेंगे?
ये भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम पर होगी पैसों की बारिश, रनर-अप को भी मिलेगी मोटी रकम, जानें प्राइज मनी