IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच न केवल खेल के लिहाज से बल्कि खिलाड़ियों की बॉडी लैंग्वेज और व्यवहार के कारण भी सुर्खियों में रहते हैं. ऐसे में जब एशिया कप 2025 के सुपर 4 मुकाबले में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें आमने-सामने आईं, तो एक बार फिर से टॉस के समय एक पुरानी घटना की पुनरावृत्ति देखने को मिली.
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा के बीच टॉस के दौरान किसी भी प्रकार की बातचीत, हाथ मिलाना या नजर मिलाना नहीं हुआ. यह वही घटना है जो ग्रुप स्टेज मुकाबले में भी देखने को मिली थी और तब भी सोशल मीडिया पर यह मुद्दा खासा गर्माया था. अब एक बार फिर सुपर 4 मुकाबले में भी वही दृश्य देखने को मिला है.
टॉस के समय सूर्या ने दिखाई बेरुखी
मैच से पहले जैसे ही दोनों कप्तान टॉस के लिए मैदान में आए, सबकी नजरें इस बात पर थीं कि क्या इस बार दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ पेशेवर व्यवहार दिखाएंगे या फिर वही दूरी देखने को मिलेगी. टॉस भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला लिया.
रवि शास्त्री ने जब सूर्यकुमार से मैच से जुड़े सवाल पूछे, तो उन्होंने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए. लेकिन इसके तुरंत बाद वह बिना किसी औपचारिकता के सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़ गए. इस दौरान उन्होंने पाक कप्तान सलमान आगा की ओर न तो देखा और न ही कोई हाथ मिलाया. यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई.
रेफरी से मिलाया हाथ, पाक कप्तान को किया नजरअंदाज
हालांकि सूर्यकुमार यादव ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट से हाथ मिलाया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि वह औपचारिकता निभाने में पीछे नहीं हैं, लेकिन उन्होंने यह व्यवहार केवल पाक कप्तान के लिए नहीं दिखाया. यह वही एंडी पायक्रॉफ्ट हैं, जिन पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पहले ही कुछ गंभीर आरोप लगा चुका है और उन्हें एशिया कप के रेफरी पैनल से हटाने की मांग कर चुका है.
No handshake again between the two captains - Suryakumar Yadav and Salman Ali Agha 🔥#SuryakumarYadav #SalmanAgha #INDvPAK #INDvsPAK #PAKvIND #PAKvsIND #AsiaCup #AsiaCup2025 pic.twitter.com/FCUh59i84J
— Jitendra Kumar (@jitenda60203698) September 21, 2025
इससे यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या सूर्यकुमार यादव का व्यवहार जानबूझकर था या फिर यह महज संयोग? लेकिन अब यह घटना सिर्फ एक संयोग नहीं लगती, क्योंकि ग्रुप स्टेज में भी बिल्कुल यही हुआ था.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी किया था सवाल को नजरअंदाज
सुपर 4 मुकाबले से पहले जब प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई थी, तब भी एक पत्रकार ने सूर्यकुमार से ‘हैंडशेक विवाद’ पर सवाल पूछा था. लेकिन सूर्या ने इस सवाल को बड़े सहज अंदाज में टाल दिया था. उन्होंने केवल इतना कहा था कि उनकी टीम किसी अतिरिक्त दबाव में नहीं है और पाकिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला उनके लिए बाकी मैचों की तरह ही है.
टॉस के समय भी उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गई इसी बात को दोहराया और मुकाबले को 'सामान्य' करार दिया. लेकिन उनके व्यवहार ने कुछ और ही कहानी बयां की.
ये भी पढ़ें- Ind vs Pak मैच से पहले चिंताजनक हालात, पाकिस्तान खेमें में दिख रही हलचल, हारे तो कैसे जाएंगे घर?