रसोई का बजट पहले ही महंगाई की आग में झुलस रहा था, अब दूध की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है. बिहार में सुधा डेयरी ने दूध के दामों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद शुक्रवार से उपभोक्ताओं को हर लीटर दूध पर पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. नई दरों के अनुसार सुधा गोल्ड फुल क्रीम दूध अब 65 रुपये की जगह 67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जबकि सुधा शक्ति दूध की कीमत 57 रुपये से बढ़ाकर 59 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल दही, घी और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
कई राज्यों में बढ़ रही दूध की कीमतें
बिहार से पहले राजस्थान में भी दूध महंगा किया जा चुका है. वहां सरस डेयरी ने दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. इसके साथ ही दही, घी और दूध से बनने वाले अन्य उत्पादों के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं. इससे पहले अमूल और मदर डेयरी जैसी बड़ी कंपनियां भी दूध के दाम बढ़ा चुकी हैं. लगातार बढ़ती महंगाई और परिवहन लागत का असर अब डेयरी सेक्टर पर साफ दिखाई देने लगा है. किसानों से दूध इकट्ठा करने से लेकर उसे शहरों और गांवों तक पहुंचाने की लागत बढ़ने से कंपनियां कीमतों में इजाफा करने को मजबूर हो रही हैं.
भीषण गर्मी से घटा दूध उत्पादन
इस बार पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने डेयरी उद्योग की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक अत्यधिक तापमान के कारण पशुओं में हीट स्ट्रेस की समस्या बढ़ रही है, जिससे दूध उत्पादन प्रभावित हो रहा है. जब उत्पादन कम होता है और मांग बनी रहती है तो कीमतों में बढ़ोतरी लगभग तय मानी जाती है. गर्मियों में दही, लस्सी और छाछ जैसे उत्पादों की मांग भी तेजी से बढ़ जाती है, जिसका सीधा असर दूध की खपत और बाजार कीमतों पर पड़ता है.
डेयरी कंपनियों का बढ़ता दबाव
देशभर की डेयरी कंपनियां लगातार लागत बढ़ने की बात कह रही हैं. केरल की प्रमुख सहकारी डेयरी कंपनी मिल्मा ने भी एक जून से दूध की कीमतों में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला लिया है. कंपनी का कहना है कि उत्पादन और वितरण खर्च तेजी से बढ़ रहे हैं और डेयरी किसानों को नुकसान से बचाने के लिए कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है. ऐसे में आने वाले दिनों में अन्य राज्यों में भी दूध की कीमतें बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
ये भी पढ़ें: बकरीद से पहले कलकत्ता HC का बड़ा फैसला, बंगाल में पशु वध पर रोक रहेगी जारी, सभी याचिकाएं खारिज