जिस भारतीय वैज्ञानिक के नाम पर एलन मस्क ने रखा अपने बेटे का नाम, उनका लोहा मानती है दुनिया; जानें कौन हैं वो

Elon Musk children: एलन मस्क आमतौर पर अपनी कंपनियों, स्पेसएक्स, टेस्ला और X की वजह से सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार उनकी निजी जिंदगी ने दुनिया का ध्यान खींचा. जेरोधा के को-फाउंडर निखिल कामत के पॉडकास्ट ‘पीपल बाय WTF’ में मस्क ने पहली बार खुलकर बताया कि उनकी पार्टनर शिवॉन जिलिस भारतीय मूल की हैं और उनके एक बेटे का मिडल नेम “शेखर” है.

Subrahmanyan Chandrashekhar Elon Musk named his son after Indian scientist
Image Source: Social Media

Elon Musk children: एलन मस्क आमतौर पर अपनी कंपनियों, स्पेसएक्स, टेस्ला और X की वजह से सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार उनकी निजी जिंदगी ने दुनिया का ध्यान खींचा. जेरोधा के को-फाउंडर निखिल कामत के पॉडकास्ट ‘पीपल बाय WTF’ में मस्क ने पहली बार खुलकर बताया कि उनकी पार्टनर शिवॉन जिलिस भारतीय मूल की हैं और उनके एक बेटे का मिडल नेम “शेखर” है. यह नाम उन्होंने एक महान भारतीय-अमेरिकी वैज्ञानिक के सम्मान में रखा है, जिनके शोध ने आधुनिक खगोल भौतिकी की दिशा बदल दी, उनका नाम है सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर.

सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर 20वीं सदी के सबसे प्रभावशाली वैज्ञानिकों में गिने जाते हैं. उनका जन्म 19 अक्टूबर 1910 को लाहौर (तत्कालीन ब्रिटिश भारत) में हुआ था. उनका परिवार शिक्षा और विज्ञान से गहराई से जुड़ा हुआ था. उनके चाचा सी.वी. रमन, जो बाद में नोबेल पुरस्कार विजेता बने, स्वयं चंद्रशेखर के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत थे.

कम उम्र से ही चंद्रशेखर की प्रतिभा स्पष्ट दिखाई देने लगी थी. उन्होंने भारत में प्राथमिक शिक्षा पूरी की और बाद में उच्च अध्ययन के लिए विदेश का रुख किया. उनकी वैज्ञानिक यात्रा उन्हें यूरोप और अमेरिका ले गई, जहां उन्होंने अपनी असाधारण प्रतिभा से दुनिया को चकित कर दिया.

अमेरिका में शुरू हुआ वैज्ञानिक जीवन का चरम

1930 के दशक में वे अमेरिका पहुंचे और बाद में शिकागो यूनिवर्सिटी से जुड़ गए. यहीं से उनकी वास्तविक वैज्ञानिक यात्रा शुरू हुई. उन्होंने पांच दशक से अधिक समय तक पढ़ाया, रिसर्च की और ब्रह्मांड को समझने के नए रास्ते खोले.

उनकी वैज्ञानिक क्षमता इतनी व्यापक थी कि उन्होंने सिर्फ एक या दो नहीं, बल्कि तारों की संरचना, गैसों के व्यवहार, और स्पेस साइंस के कई मूल सिद्धांतों को नया रूप दिया. 1995 में उनका निधन हुआ, लेकिन विज्ञान में उनका योगदान आज भी उतना ही जीवित है जितना दशकों पहले था.

1983 का नोबेल पुरस्कार, एक ऐतिहासिक मान्यता

चंद्रशेखर को 1983 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया. यह पुरस्कार उन्हें तारों के संरचनात्मक विकास पर किए गए सैद्धांतिक शोध के लिए मिला. उन्होंने अमेरिकी वैज्ञानिक विलियम ए. फाउलर के साथ यह सम्मान साझा किया.

चंद्रशेखर की रिसर्च ने वैज्ञानिकों को पहली बार समझाया कि तारे कैसे जन्म लेते हैं, कैसे चमकते रहते हैं और अंत में कैसे खत्म होते हैं. यह खोज आधुनिक भौतिकी और खगोल विज्ञान का आधार बन गई.

सितारों की मौत का रहस्य, चंद्रशेखर सीमा

चंद्रशेखर का सबसे उल्लेखनीय योगदान है ‘चंद्रशेखर लिमिट’. यह सिद्धांत बताता है कि यदि किसी तारे का द्रव्यमान (मास) सूर्य के द्रव्यमान से लगभग 1.4 गुना अधिक है, तो उसकी मृत्यु सामान्यतया व्हाइट ड्वार्फ के रूप में नहीं होगी.

इसके बजाय वह सुपरनोवा विस्फोट में बदल जाएगा और उसके बाद या तो न्यूट्रॉन स्टार बनेगा या फिर ब्लैक होल. यह सीमा (1.4 सोलर मास) ब्रह्मांड के विकास को समझने में आज भी मील का पत्थर मानी जाती है. चौंकाने वाली बात यह है कि चंद्रशेखर ने इस थ्योरी पर काम सिर्फ 19 साल की उम्र में शुरू किया था.

यह खोज क्यों थी क्रांतिकारी?

चंद्रशेखर सीमा के कारण वैज्ञानिकों को यह समझ आया कि तारे कब स्थिर रहते हैं, कब फटते हैं और कब ब्लैक होल बनते हैं. हॉलीवुड की फिल्मों में जिस ब्लैक होल को रहस्य की तरह दिखाया जाता है, उसकी वैज्ञानिक नींव सबसे पहले चंद्रशेखर ने रखी. यह रिसर्च आधुनिक एस्ट्रोफिजिक्स के मूल अध्याय की तरह है, जिसे आज भी दुनिया भर के वैज्ञानिक पढ़ते और मानते हैं.

शिवॉन जिलिस कौन हैं और भारत से कैसे जुड़ी हैं?

एलन मस्क की पार्टनर शिवॉन जिलिस न्यूरालिंक में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं. मस्क ने पहली बार सार्वजनिक रूप से बताया कि शिवॉन की मां भारतीय मूल की थीं, हालांकि शिवॉन भारत में पली-बढ़ी नहीं. उनका बचपन कनाडा में बीता क्योंकि उन्हें गोद लिया गया था.

मस्क ने पॉडकास्ट में स्पष्ट किया कि बेटे का मिडल नेम “शेखर” रखने का सुझाव शिवॉन से ही आया. वह चाहती थीं कि उनके बच्चे के नाम में उसकी भारतीय जड़ों की झलक बनी रहे.

मस्क के सम्मान का कारण

एलन मस्क ने कहा कि चंद्रशेखर का नाम उनके लिए सिर्फ विज्ञान तक सीमित नहीं है. यह वैज्ञानिक महानता का प्रतीक है. शिवॉन के भारतीय वंश का सम्मान है और उनके बच्चे के भविष्य के लिए प्रेरणा भी यह नाम सिर्फ एक वैज्ञानिक को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि विज्ञान और संस्कृति के उस सेतु का प्रतिनिधित्व है, जो भारत और अमेरिका को दशकों से जोड़ता आया है.

यह भी पढे़ं- यूपी के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, इन 4 जिलों में जल्द लगेगा रोजगार मेला, हजारों पदों पर होगी भर्ती