Alcohol law Thailand: थाईलैंड में सरकार ने शराब सेवन और बिक्री पर पहले से कहीं अधिक सख्त नियम लागू कर दिए हैं. 8 नवंबर से लागू इस नए संशोधित कानून के तहत अब दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक शराब पीना, परोसना या खरीदना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा.
इस दौरान अगर कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उस पर 10,000 बहत (करीब ₹26,591) या उससे अधिक का जुर्माना लगाया जा सकता है. यह नया प्रावधान 1972 में लागू पुराने समय प्रतिबंध को और कड़ा बनाता है. सरकार का उद्देश्य समाज में अनुशासन और जिम्मेदार शराब सेवन की संस्कृति को बढ़ावा देना है.
किन जगहों पर मिलेगी छूट
यह प्रतिबंध अल्कोहॉलिक बेवरेज कंट्रोल एक्ट के तहत लागू किया गया है. हालांकि, सरकार ने कुछ खास जगहों को इस कानून से छूट दी है. लाइसेंस प्राप्त होटल, एयरपोर्ट, टूरिस्ट क्षेत्र और मनोरंजन स्थल में सीमित दायरे में शराब परोसने की अनुमति जारी रहेगी.
साथ ही, शराब के विज्ञापन और प्रचार पर भी नई पाबंदियां लगाई गई हैं, अब केवल तथ्यात्मक जानकारी दी जा सकेगी. किसी सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर या प्रसिद्ध व्यक्ति को शराब ब्रांड प्रमोट करने की अनुमति नहीं होगी.
रेस्टोरेंट और बार उद्योग में चिंता
थाईलैंड के रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने इस नए नियम पर चिंता जताई है. संगठन के अध्यक्ष चानोन कोएटचारोएन का कहना है कि यह नियम रेस्तरां और बार व्यवसाय के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है.
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “अगर कोई ग्राहक 1:59 बजे बीयर खरीदता है और 2:05 बजे तक पीता है, तो यह उल्लंघन माना जाएगा. ऐसे में छोटे रेस्तरां और बार को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है.” बैंकॉक की मशहूर खाओ सान रोड, जो बैकपैकर्स का प्रमुख केंद्र है, वहां कई बार दोपहर 11 से 2 बजे तक ही शराब परोसते हैं. अब नए नियमों से यह समय सीमा और सख्त हो जाएगी.
विपक्ष का विरोध
विपक्ष की पीपुल्स पार्टी के सांसद ताओफिफोप लिमजित्राकॉर्न ने इस फैसले का विरोध किया है. उनका कहना है कि “शराब की बिक्री पर ऐसे समय प्रतिबंध लागू करना अव्यावहारिक है. बिक्री को 24 घंटे खुला रखना चाहिए ताकि व्यापार और पर्यटन पर असर न पड़े.”
विदेशी पर्यटकों के लिए भ्रम की स्थिति
नए नियम विदेशी पर्यटकों के लिए भी भ्रम की स्थिति पैदा कर सकते हैं. कई बार पर्यटक प्रतिबंधित समय से पहले शराब ऑर्डर कर देते हैं, लेकिन अगर वे 2 बजे के बाद पीते हुए पकड़े जाते हैं, तो उन्हें जुर्माना भरना पड़ सकता है. इसलिए अब कस्टमर और रेस्तरां दोनों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी.
जिम्मेदार सेवन की दिशा में कदम
थाईलैंड सरकार का कहना है कि ये कदम समाज में जिम्मेदार शराब सेवन को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है. हालांकि, उद्योग जगत और पर्यटन से जुड़े वर्गों का मानना है कि इससे स्थानीय व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका में होगा आयोजन, अहमदाबाद और कोलकाता सेमीफाइनल की करेंगे मेजबानी