अररिया में LPG की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त एक्शन, छापेमारी में एक घर और दुकान से 250 गैस बरामद

Forbesganj LPG Cylinders: फारबिसगंज शहर के पोखर बस्ती, वार्ड नंबर 15 में गुरुवार की देर शाम रसोई गैस के अवैध भंडारण की सूचना पर प्रशासन ने छापेमारी की. एसडीओ अभय कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में एक आवासीय परिसर और एक दुकान से भारी मात्रा में रसोई गैस सिलिंडर बरामद हुए.

Strict action taken against LPG black marketers in Araria 250 gas cylinders recovered from a house
Image Source: Social Media

Forbesganj LPG Cylinders: फारबिसगंज शहर के पोखर बस्ती, वार्ड नंबर 15 में गुरुवार की देर शाम रसोई गैस के अवैध भंडारण की सूचना पर प्रशासन ने छापेमारी की. एसडीओ अभय कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में एक आवासीय परिसर और एक दुकान से भारी मात्रा में रसोई गैस सिलिंडर बरामद हुए.

यह छापेमारी पोखर बस्ती निवासी साबिर अंसारी और उनके पुत्र इमरान अंसारी के घर और दुकान पर की गई. यहां करीब 250 रसोई गैस सिलिंडर, जिनमें कुछ भरे हुए और कुछ खाली थे, बरामद हुए.

छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था

इस दौरान फारबिसगंज के अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर महादेव कामत, सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती, नरपतगंज की एमओ सुनीता कुमारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद थे. जब प्रशासनिक टीम ने घर के अंदर छापेमारी की, तो कई कमरों में गैस सिलिंडर रखे हुए पाए गए. इसके अलावा, घर की छत पर भी बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर रखे गए थे. इस अवैध भंडारण को देखकर प्रशासनिक अधिकारी भी हैरान रह गए.

250 से ज्यादा गैस सिलिंडर जब्त

आवासीय परिसर से 150 से ज्यादा गैस सिलिंडर जब्त किए गए, जिन्हें ट्रैक्टर पर लादकर स्थानीय थाना भेजा गया. जब टीम ने दुकान पर छापेमारी की, तो दुकान का शटर बंद था, जिससे थोड़ी देरी हुई. लेकिन जब दुकान खोली गई, तो वहां भी 100 से ज्यादा सिलिंडर मिले. ये सिलिंडर भारत, एचपी और इंडेन गैस के थे.

कानूनी कार्रवाई की जाएगी

एसडीओ अभय कुमार ने बताया कि सभी सिलिंडरों को जब्त कर फारबिसगंज थाना भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि अवैध गैस भंडारण के इस कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

शहर के बीच घनी आबादी में भंडारण से बड़ा खतरा

इस अवैध गैस भंडारण का खुलासा जहां कालाबाजारी पर काबू पाने में मदद करेगा, वहीं यह भी साबित करता है कि इस तरह के भंडारण से कितनी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. पोखर बस्ती के दोनों ओर घनी आबादी है, जहां हजारों लोग रहते हैं. एक चूक से किसी बड़ी घटना का सामना करना पड़ सकता था.

प्रशासन ने की थी सतर्कता

छापेमारी के दौरान प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर तैनात कर दिया था, ताकि कोई अप्रत्याशित घटना न हो. गैस सिलिंडरों को सुरक्षित रूप से थाना भेजा गया और इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ अभय कुमार ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

ये भी पढ़ें- महिलाओं को कमजोर... परियड के दौरान पेड लीव की मांग को लेकर दायर याचिका पर SC का बड़ा फैसला, जानें