एलिमिनेटर मैच में वैभव सूर्यवंशी ने मचाई तबाही, तोड़ डाले 5 बड़े रिकॉर्ड; क्रिस गेल को भी छोड़ा पीछे

SRH vs RR Eliminator: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले जा रहे इस बड़े मुकाबले में वैभव ने शुरुआत भले ही धीमी की, लेकिन कुछ ही मिनटों में मैच का पूरा रंग बदल दिया. एक समय वह 4 गेंदों में सिर्फ 7 रन बनाकर संघर्ष करते दिख रहे थे, लेकिन अगले 12 गेंदों में उन्होंने 41 रन ठोककर गेंदबाजों के होश उड़ा दिए.

SRH vs RR Eliminator Vaibhav Sooryavanshi broke 5 records Chris Gayle
Image Source: ANI

SRH vs RR Eliminator: 27 मई 2026 की रात आईपीएल इतिहास में हमेशा याद रखी जाएगी. यह सिर्फ एक एलिमिनेटर मुकाबला नहीं था, बल्कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिलने की कहानी भी है. महज 15 साल की उम्र में Vaibhav Suryavanshi ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया. 

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले जा रहे इस बड़े मुकाबले में वैभव ने शुरुआत भले ही धीमी की, लेकिन कुछ ही मिनटों में मैच का पूरा रंग बदल दिया. एक समय वह 4 गेंदों में सिर्फ 7 रन बनाकर संघर्ष करते दिख रहे थे, लेकिन अगले 12 गेंदों में उन्होंने 41 रन ठोककर गेंदबाजों के होश उड़ा दिए. 28 गेंदों में 97 रन और 12 छक्कों से सजी इस विस्फोटक पारी ने न सिर्फ उनकी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि आईपीएल रिकॉर्ड बुक को भी हिला कर रख दिया.

प्लेऑफ में सबसे तेज फिफ्टी की बराबरी

आईपीएल प्लेऑफ मुकाबलों में तेज अर्धशतक लगाना हमेशा मुश्किल माना जाता है, क्योंकि यहां दबाव सबसे ज्यादा होता है. लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने इस दबाव को अपनी ताकत बना दिया. उन्होंने केवल 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया और Suresh Raina के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इससे पहले प्लेऑफ में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड रैना के नाम था. अब इस सूची में वैभव भी शामिल हो गए हैं. तीसरे स्थान पर Adam Gilchrist हैं, जिन्होंने 17 गेंदों में अर्धशतक लगाया था.

क्रिस गेल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड टूटा

आईपीएल में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड लंबे समय तक Chris Gayle के नाम था. उन्होंने 2012 सीजन में 59 छक्के लगाए थे और यह रिकॉर्ड करीब 14 साल तक अटूट माना जाता रहा.

लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर मैच में इतिहास बदल दिया. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने जैसे ही अपना 60वां छक्का लगाया, वैसे ही वह आईपीएल इतिहास में एक सीजन में 60 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए. महज 15 साल की उम्र में इस तरह का रिकॉर्ड बनाना क्रिकेट जगत के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा.

सबसे कम उम्र में 600 रन का कारनामा

इस सीजन में वैभव का बल्ला लगातार आग उगलता रहा है. एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने अपने 600 रन भी पूरे कर लिए और इसके साथ ही एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अब वह आईपीएल के एक सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड Rishabh Pant के नाम था, जिन्होंने 21 साल की उम्र में आईपीएल 2018 में 600 रन पूरे किए थे. वैभव ने सिर्फ रिकॉर्ड नहीं तोड़ा, बल्कि उम्र और अनुभव की सारी सीमाओं को भी चुनौती दे दी.

पावरप्ले में बल्लेबाजों का नया बादशाह

टी20 क्रिकेट में पावरप्ले सबसे अहम फेज माना जाता है और वैभव सूर्यवंशी ने इस हिस्से को अपनी ताकत बना लिया है. एलिमिनेटर मैच में उन्होंने चौथे ओवर में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. यह पांचवीं बार था जब वैभव ने आईपीएल में पावरप्ले के भीतर फिफ्टी पूरी की. इस मामले में वह अब David Warner के बेहद करीब पहुंच गए हैं, जिन्होंने अपने करियर में 6 बार यह कारनामा किया था.

पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों के लिए यह रात किसी बुरे सपने जैसी साबित हुई. वैभव ने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि रिकॉर्ड संख्या में छक्के भी उड़ाए. उन्होंने पावरप्ले ओवरों के भीतर 8 छक्के जड़ दिए, जो आईपीएल इतिहास में किसी एक पारी के पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड Sanath Jayasuriya और Jos Buttler जैसे दिग्गजों के नाम था, जिन्होंने एक पारी में पावरप्ले के दौरान 7-7 छक्के लगाए थे.

ये भी पढ़ें: SRH vs RR: बारिश में धुला हैदराबाद-राजस्थान मुकाबला तो क्या होगा नतीजा? जानिए कौन-सी टीम होगी बाहर