FIFA World Cup 2026 Final: फुटबॉल की दुनिया को नया विश्व चैंपियन मिल गया है. अमेरिका के न्यू जर्सी में खेले गए फीफा विश्व कप 2026 के रोमांचक फाइनल में स्पेन ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराकर इतिहास रच दिया. पूरे मुकाबले में स्पेन ने जिस आत्मविश्वास, तकनीक और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, उसने साबित कर दिया कि उसकी युवा टीम विश्व फुटबॉल के नए दौर की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है. 2010 के बाद यह स्पेन का दूसरा विश्व कप खिताब है, जबकि अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार ट्रॉफी उठाने से महज एक कदम दूर रह गया.
90 मिनट तक चला संघर्ष
फाइनल मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा. निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमों के बीच गोल नहीं हो सका. स्पेन लगातार हमले करता रहा, जबकि अर्जेंटीना अपनी मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज की बदौलत मुकाबले में बना रहा. मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा और यहीं स्पेन ने वह मौका हासिल किया जिसका उसे लंबे समय से इंतजार था.
106वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दाएं छोर से शानदार क्रॉस भेजा. निको विलियम्स ने हेडर के जरिए गेंद फेर्रान टोरेस की ओर बढ़ाई और बॉक्स के भीतर मौजूद टोरेस ने बिना किसी गलती के पहला ही शॉट गोलपोस्ट में पहुंचा दिया. यही गोल पूरे मुकाबले का निर्णायक पल साबित हुआ और स्पेन ने 16 साल बाद फिर से विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
शुरुआत से अंत तक स्पेन ने दिखाई अपनी श्रेष्ठता
फाइनल में गेंद पर नियंत्रण रखने के मामले में स्पेन पूरे समय अर्जेंटीना से बेहतर नजर आया. मैच के शुरुआती मिनटों से ही उसने तेज पासिंग और लगातार आक्रमण के जरिए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा. पांचवें मिनट में लामिन यमाल ने पहला बड़ा मौका बनाया, लेकिन एमिलियानो मार्टिनेज ने शानदार बचाव करते हुए अर्जेंटीना को शुरुआती झटका लगने से बचा लिया.
इसके बाद मिकेल ओयरजाबाल, पेड्री, निको विलियम्स, मार्क कुकुरेला और पाउ कुबार्सी ने भी कई बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन हर बार अर्जेंटीना के गोलकीपर उनके सामने मजबूती से खड़े रहे. हालांकि लगातार बढ़ते दबाव के सामने आखिरकार अतिरिक्त समय में स्पेन को सफलता मिल ही गई.
एमिलियानो मार्टिनेज ने अकेले संभाले रखा अर्जेंटीना का मोर्चा
अगर फाइनल अतिरिक्त समय तक पहुंचा तो इसका सबसे बड़ा श्रेय अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज को जाता है. उन्होंने पूरे मुकाबले में कुल 12 शानदार सेव किए और कई निश्चित गोल बचाकर अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा.
लामिन यमाल की खतरनाक फ्री-किक हो या निको विलियम्स और पेड्री के प्रयास, मार्टिनेज हर बार बेहतरीन अंदाज में सामने आए. हालांकि 106वें मिनट में फेर्रान टोरेस के सटीक और तेज शॉट के सामने वह भी बेबस नजर आए और यही पल अर्जेंटीना की उम्मीदों पर भारी पड़ गया.
चोटों और रेड कार्ड ने बढ़ाई अर्जेंटीना की मुश्किलें
फाइनल मुकाबले के दौरान अर्जेंटीना को लगातार झटके लगते रहे. पहले हाफ में सेंटर-बैक लिसांद्रो मार्टिनेज चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए. इसके बाद दूसरे हाफ में क्रिस्टियन रोमेरो भी चोट के कारण मैच पूरा नहीं खेल सके. मामला यहीं नहीं रुका. इंजरी टाइम के दौरान मिडफील्डर एंजो फर्नांडेज को दूसरा येलो कार्ड मिलने पर रेफरी ने रेड कार्ड दिखा दिया. इसके बाद अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय में केवल 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, जिसका फायदा स्पेन ने पूरी तरह उठाया.
मेसी की टीम नहीं तोड़ सकी स्पेन की मजबूत दीवार
स्पेन की डिफेंस और मिडफील्ड ने पूरे मैच में अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया. लियोनेल मेसी की मौजूदगी के बावजूद अर्जेंटीना आक्रमण में पूरी तरह संघर्ष करता नजर आया. निर्धारित समय के दौरान टीम गोलपोस्ट पर कोई प्रभावी हमला नहीं कर सकी. अतिरिक्त समय में भी बराबरी का गोल करने के लिए अर्जेंटीना ने पूरी ताकत लगा दी, लेकिन स्पेन की अनुशासित रक्षापंक्ति ने हर कोशिश को नाकाम कर दिया. अंततः मौजूदा चैंपियन को हार के साथ अपने अभियान का अंत करना पड़ा.
फाइनल में बने कई यादगार रिकॉर्ड
इस ऐतिहासिक मुकाबले में कई रिकॉर्ड भी दर्ज हुए. स्पेन के युवा सितारे लामिन यमाल और पाउ कुबार्सी 19 साल की उम्र में विश्व कप फाइनल जीतने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए. दोनों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन की सफलता में अहम भूमिका निभाई.
दूसरी ओर, लियोनेल मेसी 39 साल 25 दिन की उम्र में विश्व कप फाइनल खेलने वाले सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी बन गए. इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर का तीसरा विश्व कप फाइनल खेलकर ब्राजील के महान खिलाड़ी काफू के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे फुटबॉलर बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें: लॉर्ड्स में गरजा हिटमैन का बल्ला, रोहित शर्मा ने रच दिया इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय बल्लेबाज