रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, बंपर पदों पर निकली वैकेंसी, पढ़ें सारी डिटेल

Railway Recruitment 2026: रेलवे में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 2026-27 के लिए ट्रेड अप्रेंटिस के कुल 1644 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.

South East Central Railway Apprentice Recruitment 2026 check details
Image Source: Social Media

Railway Recruitment 2026: रेलवे में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 2026-27 के लिए ट्रेड अप्रेंटिस के कुल 1644 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. खास बात यह है कि इस भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू से गुजरना नहीं पड़ेगा. चयन सीधे मेरिट लिस्ट के आधार पर होगा, जिससे योग्य और मेहनती उम्मीदवारों के लिए यह अवसर और भी खास बन गया है.

कौन-कौन से ट्रेड में निकली भर्ती?

इस बार रेलवे ने रायपुर डिवीजन और वैगन रिपेयर शॉप के लिए कई ट्रेडों में भर्ती निकाली है. इनमें फाइटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, मशीनिस्ट, सीओपीए, डीजल मैकेनिक, रेफ्रिजरेशन और एसी मैकेनिक, स्टेनोग्राफर (हिंदी और अंग्रेजी) जैसे ट्रेड शामिल हैं. रायपुर डिवीजन के लिए कुल 1363 पद और वैगन रिपेयर शॉप रायपुर के लिए 281 पद निर्धारित किए गए हैं. सबसे अधिक वैकेंसी फाइटर, इलेक्ट्रीशियन और वेल्डर ट्रेड में हैं.

योग्यता और आयु सीमा

इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना आवश्यक है, साथ ही दसवीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है. इसके अलावा उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में एनसीवीटी या एससीवीटी से मान्यता प्राप्त आईटीआई सर्टिफिकेट भी होना चाहिए. आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम 24 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 5 मई 2026 के अनुसार की जाएगी. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के तहत अधिकतम आयु सीमा में छूट भी मिलेगी—एससी और एसटी को 5 साल और ओबीसी वर्ग को 3 साल की छूट.

बिना परीक्षा होगा चयन

इस भर्ती की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू का प्रावधान नहीं है. उम्मीदवारों का चयन 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर बनाई गई मेरिट लिस्ट के अनुसार होगा. मेरिट तैयार करते समय दोनों परीक्षाओं को समान वेटेज दिया जाएगा, यानी दोनों के औसत अंकों के आधार पर अंतिम सूची बनाई जाएगी. मेरिट में चयनित उम्मीदवारों को बाद में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा.

आवेदन की अंतिम तिथि और प्रक्रिया

इच्छुक उम्मीदवार 4 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. यह भर्ती आईटीआई पास युवाओं के लिए रेलवे में स्थायी और सुरक्षित करियर बनाने का बड़ा अवसर है.

  • उम्मीदवार Apprenticeship India Portal या SECR की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. 
  • इसके लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें. 
  • इसके बाद लॉगिन करके SECR Raipur सर्च करें. 
  • अब अपने ट्रेड के अनुसार आवेदन लिंक पर क्लिक करें.
  • आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें. 
  • अब दसवीं की मार्कशीट, आईटीआई सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें.
  • फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारी अच्छी से चेक करें और इसके बाद फॉर्म सबमिट करके आवेदन फार्म का प्रिंट निकाल लें.

ये भी पढ़ें: राजस्थान में शिक्षक बनने का सुनहरा मौका, 3000 से ज्यादा पदों पर निकली वैकेंसी, ऐसे कर सकते हैं अप्लाई