भारतीय महिला क्रिकेट की आइकन स्मृति मंधाना और मशहूर संगीतकार पालाश मुच्छल की शादी पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. 23 नवंबर को होने वाला यह हाई-प्रोफाइल आयोजन तब अचानक टल गया, जब स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांगली के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. इसी दौरान पालाश भी अस्वस्थ हो गए और दोनों परिवारों को पूरी तैयारी रोकनी पड़ी. हालांकि अब दोनों घर लौट आए हैं, लेकिन शादी की नई तारीख को लेकर फैन्स की जिज्ञासा और भी बढ़ गई है.
शादी टलने के बाद से ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की तारीखें सामने आने लगीं. मंगलवार को 7 दिसंबर की तारीख तेज़ी से वायरल हुई और इसे 'नई शादी की तारीख' बताया जाने लगा. लेकिन परिवार की ओर से कोई पुष्टि न होने पर फैन्स उलझन में थे.अब इस पूरे मामले पर स्मृति के भाई श्रवण मंधाना ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा मुझे इन तारीखों की कोई जानकारी नहीं है. अभी शादी पोस्टपोन है, नई तारीख को लेकर जो बातें चल रही हैं, वे पूरी तरह अफवाह हैं. उनके इस बयान के बाद यह साफ हो गया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही शादी की ‘कन्फर्म डेट’ पूरी तरह गलत थी.
पालाश की मां अमिता ने बताई परिवार की स्थिति
शादी टलने से दोनों परिवारों में तनाव और निराशा साफ झलक रही है. पालाश की मां अमिता मुच्छल ने बताया कि इस अचानक हुए घटनाक्रम ने दोनों परिवारों को भावनात्मक रूप से काफी प्रभावित किया है. अमिता ने कहा स्मृति और पालाश दोनों ही इस समय काफी दुखी हैं. सारी तैयारियाँ पूरी हो चुकी थीं. मैंने स्मृति के स्वागत के लिए एक खास सरप्राइज़ भी प्लान किया था. लेकिन हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द सब ठीक होगा और शादी जल्दी ही होगी. उनकी यह उम्मीद फैन्स के बीच एक सकारात्मक संदेश छोड़ती है कि शादी ज्यादा समय तक टली नहीं रहेगी.
जेमिमाह का बड़ा कदम, सुनील शेट्टी भी हुए प्रभावित
स्मृति की करीबी दोस्त और भारतीय टीम की साथी खिलाड़ी जेमिमाह रोड्रिग्स ने भी इस मुश्किल समय में अपना पूरा साथ दिखाया है. उन्होंने स्मृति के पास रहने और परिवार को संभालने के लिए WBBL सीज़न से नाम वापस ले लिया. बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने इस कदम की सोशल मीडिया पर खूब सराहना की. उन्होंने जेमिमाह की दोस्ती को “सबसे सच्ची और मजबूती भरी दोस्ती” का उदाहरण बताया और कहा कि बिना शोर-शराबे, चुपचाप साथ निभाने से बड़ी दोस्ती कोई नहीं होती.
यह भी पढ़ें: IND vs SA: रायपुर में सीरीज का दूसरा मैच, धमाल मचाने को तैयार RO-KO