बिहार के इन जिलों में बंद रहेंगे स्कूल, कड़ाके की ठंड़ से मिलेगी राहत, जानें कब शुरू होगी पढ़ाई

बिहार में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है.

Schools will remain closed due to cold in Bihar Weather
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

बिहार में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है. राज्य के कई जिलों में जिलाधिकारियों ने स्कूलों की छुट्टियों की अवधि को आगे बढ़ा दिया है, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है. ठंड, कनकणी हवाओं और गिरते तापमान के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.

दरभंगा, रोहतास, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और चंपारण सहित कई जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह से एहतियात के तौर पर लिया गया है.

पूर्णिया में 7 जनवरी तक स्कूल बंद

पूर्णिया जिले में ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. डीएम ने ठंड, शीतलहर और खासतौर पर सुबह-शाम कम तापमान की स्थिति को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को 4 जनवरी से 7 जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश दिया है.

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश ज्ञापन संख्या 2486 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 का प्रयोग करते हुए प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, कोचिंग संस्थान सहित कक्षा आठ तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है.

हालांकि, कक्षा आठ से ऊपर की कक्षाओं को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है. इन कक्षाओं का संचालन सुबह 10:00 बजे से शाम 3:30 बजे तक सीमित समय में करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि इस समयावधि में ठंड का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहता है.

मुजफ्फरपुर में भी बढ़ाई गई स्कूलों की छुट्टी

मुजफ्फरपुर जिले में भी अत्यधिक ठंड और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने एहतियाती कदम उठाए हैं. उनके आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा आठ तक की पढ़ाई 5 जनवरी से 7 जनवरी 2026 तक स्थगित रहेगी.

इस आदेश के अंतर्गत प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को भी पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, आठवीं कक्षा से ऊपर की कक्षाओं का संचालन भी सीमित समय में, यानी सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही किया जाएगा.

प्रशासन का कहना है कि इस फैसले का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अत्यधिक ठंड से बचाना और उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को रोकना है.

समस्तीपुर में 7 जनवरी तक स्कूल बंद

समस्तीपुर जिले में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया है. यहां न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान भी 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. घना कोहरा और ठंडी हवाएं सुबह और शाम के समय ठंड को और ज्यादा बढ़ा रही हैं.

इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों को 7 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है. जिला दंडाधिकारी रोशन कुशवाहा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है.

आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियां 5 जनवरी से 7 जनवरी 2026 तक पूरी तरह बंद रहेंगी. हालांकि, बोर्ड परीक्षा और प्री-बोर्ड परीक्षा की तैयारी से जुड़ी विशेष कक्षाओं और परीक्षाओं को इस आदेश से बाहर रखा गया है.

ये भी पढ़ें- पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानों तक, दिल्ली-यूपी-बिहार समेत 11 राज्यों के लिए अलर्ट जारी