SBI Vacancy 2026: युवाओं के लिए सुनहरा मौका, एसबीआई में अप्रेंटिसशिप के बंपर पदों पर वैकेंसी

SBI Apprentice Recruitment 2026: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. बैंक ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है, जिससे अब उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है.

SBI Apprentice Recruitment 2026 for 7150 Posts check Vacancy details
Image Source: Social Media

SBI Apprentice Recruitment 2026: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. बैंक ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है, जिससे अब उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है. पहले जहां आवेदन की आखिरी तारीख 8 जून निर्धारित की गई थी, वहीं अब इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. ऐसे में जो उम्मीदवार किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाए थे, उनके पास अब इस अवसर का लाभ उठाने का सुनहरा मौका है.

7,150 पदों पर होगी भर्ती

एसबीआई द्वारा जारी भर्ती अभियान के तहत देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 7,150 अप्रेंटिस पदों को भरा जाएगा. यह भर्ती युवाओं को बैंकिंग क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है. आवेदन प्रक्रिया 19 मई 2026 से शुरू हुई थी और अब बढ़ी हुई समय सीमा के तहत उम्मीदवार 15 जून तक आवेदन जमा कर सकेंगे. हालांकि आवेदन करने से पहले सभी अभ्यर्थियों के लिए एनएपीएस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य रखा गया है.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक (Graduation) की डिग्री होना आवश्यक है. बैंक ने शैक्षणिक योग्यता को सरल रखा है ताकि विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के युवा इसमें आवेदन कर सकें. यह अवसर उन उम्मीदवारों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है जो बैंकिंग सेक्टर में अपने करियर की शुरुआत करना चाहते हैं और व्यावहारिक अनुभव हासिल करना चाहते हैं.

आयु सीमा और आरक्षण का लाभ

भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 1 अप्रैल 2026 के अनुसार न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष निर्धारित की गई है. सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों के लिए यही अधिकतम आयु सीमा लागू होगी. वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी. इससे आरक्षित वर्ग के अधिक उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिलेगा.

ऑनलाइन परीक्षा और भाषा परीक्षण से होगा चयन

एसबीआई अप्रेंटिस भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा. पहले चरण में ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सामान्य एवं वित्तीय जागरूकता, सामान्य अंग्रेजी, मात्रात्मक योग्यता, तर्क क्षमता और कंप्यूटर ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा (Local Language Proficiency Test) भी देनी होगी. हालांकि जिन उम्मीदवारों ने कक्षा 10वीं या 12वीं में संबंधित स्थानीय भाषा की पढ़ाई की है, उन्हें इस परीक्षा से छूट दी जाएगी.

15 हजार रुपये मिलेगा स्टाइपेंड

चयनित उम्मीदवारों को एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप अवधि पूरी करनी होगी. इस दौरान उन्हें हर महीने 15,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. हालांकि यह एक प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा, इसलिए उम्मीदवारों को एसबीआई के नियमित कर्मचारियों की तरह महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, भविष्य निधि, पेंशन, मेडिकल सुविधा और अन्य सेवा लाभ नहीं मिलेंगे. इसके बावजूद बैंकिंग क्षेत्र में अनुभव प्राप्त करने और भविष्य के अवसरों के लिए यह कार्यक्रम युवाओं के लिए काफी लाभदायक साबित हो सकता है.

ये भी पढ़ें: UP Rojgar Mela 2026: यूपी के युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा मौका! इन जिलों में लगेंगे रोजगार मेले