"भाभी जी" पर क्यों भड़के टीवी के भगवान कृष्ण? इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जमकर सुनाया, जानें पूरा मामला

Shilpa Shinde vs Sourabh Raaj Jain: टीवी इंडस्ट्री में ‘ओरिजिनल अंगूरी भाभी’ के नाम से पहचानी जाने वाली शिल्पा शिंदे का कमबैक जितना चर्चा में है, उससे कहीं ज्यादा सुर्खियां उनसे जुड़ा विवाद बटोर रहा है.

Saurabh Raj Jain get angry at sister in law Shilpa Shinde through an Instagram post
Image Source: Social Media

Shilpa Shinde vs Sourabh Raaj Jain: टीवी इंडस्ट्री में ‘ओरिजिनल अंगूरी भाभी’ के नाम से पहचानी जाने वाली शिल्पा शिंदे का कमबैक जितना चर्चा में है, उससे कहीं ज्यादा सुर्खियां उनसे जुड़ा विवाद बटोर रहा है. एक बार फिर अंगूरी भाभी के किरदार में लौटने से पहले ही शिल्पा अपने बयानों को लेकर विवादों के केंद्र में आ गई हैं. खासतौर पर उन्होंने शो में लंबे समय तक अंगूरी भाभी का किरदार निभाने वाली शुभांगी अत्रे की कॉमिक टाइमिंग पर जो टिप्पणी की, उसने फैंस और टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों को नाराज़ कर दिया.

इस पूरे मामले में अब टीवी के जाने-माने अभिनेता और ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का किरदार निभा चुके सौरभ राज जैन भी कूद पड़े हैं. आमतौर पर शांत और शालीन रहने वाले सौरभ इस बार शिल्पा शिंदे के बयान से खासे नाराज़ नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए शिल्पा को आड़े हाथों लिया और उनके रवैये पर तीखा हमला किया.

इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जताया गुस्सा

सौरभ राज जैन ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि जिस एक्टर को किसी शो से रिप्लेस किया गया था, उसने लगभग दस साल तक उसी किरदार से दर्शकों का मनोरंजन किया और दर्शकों से भरपूर प्यार भी पाया. इसके बावजूद जब ओरिजिनल एक्टर की वापसी होती है और वह मीडिया में जाकर रिप्लेसमेंट एक्टर को अपने लेवल का नहीं बताती, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

सौरभ ने साफ शब्दों में लिखा कि समस्या किसी और में नहीं, बल्कि ऐसे बयान देने वाले व्यक्ति में है. उन्होंने यह भी कहा कि असली कमी टैलेंट की नहीं, बल्कि तहजीब और विनम्रता की होती है. उनका मानना है कि इंसान का स्वभाव हमेशा उसके साथ रहता है, जबकि सफलता और शोहरत कभी भी साथ छोड़ सकती है.

Shilpa Shinde 22 12 2025 Pic 1280 720

शिल्पा शिंदे ने क्या कहा था जिसने विवाद बढ़ाया

इस पूरे विवाद की शुरुआत उस इंटरव्यू से हुई, जिसमें शिल्पा शिंदे ने शुभांगी अत्रे के काम को ‘नकल’ करार दिया था. शिल्पा ने कहा था कि शुभांगी एक अच्छी एक्ट्रेस हैं, लेकिन कॉमेडी करना हर किसी के बस की बात नहीं होती. उन्होंने यह भी कहा कि किसी और के किरदार को कॉपी करना बहुत मुश्किल और तनाव भरा होता है, और अगर वह खुद किसी की मिमिक्री करें, तो वह काम नहीं कर पाएगा.

उनके इस बयान को शुभांगी अत्रे के फैंस और टीवी इंडस्ट्री के कई लोगों ने अपमानजनक और गैरजरूरी माना, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई.

शुभांगी अत्रे की परिपक्व प्रतिक्रिया

जहां एक तरफ विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है, वहीं शुभांगी अत्रे ने इस पूरे मामले में बेहद संतुलित और समझदारी भरा रुख अपनाया. उन्होंने बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि जब शिल्पा शिंदे ने शो छोड़ा था, तब ऐसा लगा था जैसे उन्होंने उन्हें एक नवजात बच्चा सौंपा हो.

शुभांगी ने आगे कहा कि उन्होंने उस किरदार को दस साल तक पूरी मेहनत और प्यार से निभाया, उसे संवारा और दर्शकों के दिलों तक पहुंचाया. अब जब शिल्पा वापस लौट रही हैं, तो वह उसी किरदार को सम्मान के साथ वापस सौंप रही हैं. उनकी इस प्रतिक्रिया को फैंस ने काफी सराहा.

‘भाबीजी घर पर हैं 2.0’ से होगी शिल्पा की वापसी

गौरतलब है कि करीब दस साल बाद ‘भाबीजी घर पर हैं 2.0’ के जरिए शिल्पा शिंदे एक बार फिर अंगूरी भाभी के किरदार में नजर आने वाली हैं. शो का प्रीमियर 22 दिसंबर 2025 को होने जा रहा है.

हालांकि शो शुरू होने से पहले ही शिल्पा के बयानों ने उनके और इंडस्ट्री के कई लोगों के बीच दूरी और कड़वाहट पैदा कर दी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस नए सीजन और शिल्पा के कमबैक को किस तरह स्वीकार करते हैं.

यह भी पढ़ें- टी 20 विश्व कप में सलेक्शन के बाद ईशान किशन को मिली कप्तानी, इस टूर्नामेंट के लिए स्क्वाड घोषित