बिहार की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए 2015 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सात निश्चय योजना की शुरुआत की गई थी. इस योजना की सूचारू रुप से चलने के पांच साल बाद यानी 2021 में नीतीश सरकार द्वारा सात निश्चय योजना पार्ट-2 लाई गई. अब इस योजना पर पिछले चार सालों से नीतीश सरकार काम कर रही है. आज हम इस रिपोर्ट के माध्यम से सात निश्चय भाग-2 के कार्यों और योजनाओं के बारे में जानेंगे.
1. सिंचाई के लिए राज्य के हर खेत तक पानी पहुंचाया जाएगा
2. युवाओं के कौशल विकास एवं उद्यमिता के लिए नया विभाग
3.इंटरमीडिएट पास करने पर अविवाहित छात्राओं 25 हजार और स्नातक उत्तीर्ण करने पर सभी छात्राओं को 50 हजार रुपये मिलेंगे.
4. सभी गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी
5. हर गांव में लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता कराई जाएंगी
1. युवा शक्ति बिहार की प्रगति
सात निश्चय पार्ट-2 (Sat Nischay Part-2) योजना में बिहार सरकार ने युवा शक्ति-बिहार की प्रगति को पहली प्राथमिकता दी है. इसके तहत उच्च शिक्षा के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, कंप्यूटर प्रशिक्षण, संचार कौशल और व्यवहार कौशल देने का वादा किया गया है. प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रत्येक आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थान में उच्च स्तरीय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की भी योजना है.
2. सशक्त महिला, सक्षम महिला
सात निश्चय पार्ट-2 (Sat Nischay Part-2) में दूसरा महत्व सशक्त महिला-सक्षम महिला (Strong woman-capable Woman) को दिया गया है. इसके तहत महिलाओं को सशक्त और सक्षम बनाने की योजना है. महिलाओं में उद्यमिता बढ़ाने के लिए एक विशेष योजना शुरू की गई है. परियोजना लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण दिया जाता है. साथ ही महिलाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने पर 25,000 रुपये तथा स्नातक उत्तीर्ण करने पर 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.
3. हर खेत को पानी
सात निश्चय पार्ट-2 (Sat Nischay Part-2) में नीतीश कुमार ने खेती और सिंचाई को तीसरा स्थान दिया है. इसके तहत वादा किया गया है कि अगले पांच साल यानी साल 2026 तक हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा.
4. स्वच्छ गांव, समृद्ध गांव
चौथे नंबर पर स्वच्छ गांव और समृद्ध गांव का लक्ष्य रखा गया है. इसके तहत सभी गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और पशु एवं मत्स्य संसाधनों के विकास की योजना है. इसके साथ ही हर घर नल का जल योजना को आगे भी जारी रखा गया है.
5. स्वच्छ शहर-विकसित शहर
स्वच्छ शहर-विकसित शहर योजना सात निश्चय पार्ट-2 में 5वें नंबर पर है. इसमें बुजुर्गों के लिए आश्रय स्थल, शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिला आवास, स्वच्छता के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, विद्युत शवदाह गृह और मोक्ष धाम का निर्माण शामिल है.
6. कनेक्टिविटी होगी आसान
सात निश्चय पार्ट-2 में छठे नंबर पर आसान कनेक्टिविटी का लक्ष्य रखा गया है. इसके तहत गांवों को प्रमुख सड़कों से जोड़ने, लोगों की सुविधा के लिए बाइपास सड़क और फ्लाईओवर बनाने की योजना है.
7. सभी के लिए स्वास्थ्य देखभाल
7वें निश्चय में सभी के लिए अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधाओं की योजना है. इसके तहत हर गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और बेहतर पशु स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए बुनियादी व्यवस्थाएं तैयार करने की योजना है. इसमें कॉल सेंटर और मोबाइल ऐप की मदद से डोर स्टेप सर्विस का वादा किया गया है. इसके अलावा पीएचसी, सीएचसी के साथ-साथ सब-डिवीजन और जिला अस्पतालों को भी टेलीमेडिसिन के जरिए जोड़ने की बात कही गई है. इसके अलावा मौजूदा अस्पतालों की सुविधाओं में सुधार और विस्तार का भी वादा किया गया है.