भारतीय स्मार्टफोन बाजार में प्रतिस्पर्धा लगातार तेज होती जा रही है और इसी बीच सैमसंग ने अपने मिड-रेंज पोर्टफोलियो को मजबूत करते हुए नया Samsung Galaxy M47 5G लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस फोन को ऐसे यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया है जो लंबी बैटरी लाइफ, शानदार डिस्प्ले और लंबे समय तक मिलने वाले सॉफ्टवेयर सपोर्ट की तलाश में हैं. खास बात यह है कि इस डिवाइस के साथ छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट और छह बड़े एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड का वादा किया गया है, जो इस प्राइस सेगमेंट में इसे काफी मजबूत विकल्प बनाता है.
शानदार डिस्प्ले और दमदार परफॉर्मेंस
Samsung Galaxy M47 5G में 6.7 इंच की फुल एचडी फ्लैट सुपर AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है. डिस्प्ले को मजबूती देने के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस का इस्तेमाल किया गया है, जिससे स्क्रीन पर स्क्रैच लगने की संभावना काफी कम हो जाती है.
फोन की परफॉर्मेंस के लिए इसमें Qualcomm Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर दिया गया है. ग्राफिक्स को बेहतर बनाने के लिए Adreno 710 GPU मौजूद है, जिससे गेमिंग और मल्टीटास्किंग का अनुभव स्मूद रहता है.
कैमरा सेटअप कैसा है?
फोटोग्राफी के लिए फोन के पिछले हिस्से में ट्रिपल कैमरा सेटअप मिलता है. इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 5 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड सेंसर और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा शामिल है. वहीं वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए 12 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जो बेहतर डिटेल और क्लियर इमेज कैप्चर करने में सक्षम है.
लेटेस्ट सॉफ्टवेयर और बड़ी बैटरी
Samsung Galaxy M47 5G एंड्रॉयड 16 आधारित One UI 8.5 पर चलता है. कंपनी का दावा है कि इस फोन को छह बड़े एंड्रॉयड अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी पैच मिलेंगे, जिससे यह लंबे समय तक सुरक्षित और अपडेटेड रहेगा.
बैटरी की बात करें तो फोन में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जिसे 45W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है. इसके अलावा बायपास चार्जिंग जैसी सुविधा भी दी गई है, जिससे गेमिंग के दौरान फोन कम गर्म होता है और बैटरी पर भी कम दबाव पड़ता है.
एआई फीचर्स से लैस नया स्मार्टफोन
Samsung ने इस स्मार्टफोन में कई स्मार्ट फीचर्स भी शामिल किए हैं. इसमें Tap & Pay सपोर्ट, Quick Share, AI Voice Transcription और 4x Scratch Resistance जैसी सुविधाएं दी गई हैं. ये सभी फीचर्स यूजर एक्सपीरियंस को पहले से ज्यादा आसान और बेहतर बनाने में मदद करते हैं.
कीमत और बिक्री की जानकारी
Samsung Galaxy M47 5G की शुरुआती कीमत कूपन ऑफर के बाद 22,999 रुपये रखी गई है. इस स्मार्टफोन की बिक्री 4 जुलाई से शुरू होगी. ग्राहक इसे Samsung की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा Amazon से भी खरीद सकेंगे. फोन Rogue Red और Blaze Blue दो आकर्षक रंगों में उपलब्ध होगा.
इन स्मार्टफोन्स को देगा टक्कर
करीब 25 हजार रुपये के बजट में लॉन्च हुआ Samsung Galaxy M47 5G सीधे तौर पर Vivo T5x 5G, OPPO K14 5G और Redmi Note 15 5G जैसे स्मार्टफोन्स को चुनौती देगा. लंबी बैटरी, AMOLED डिस्प्ले, लंबे समय तक मिलने वाले अपडेट्स और नए एआई फीचर्स के कारण यह फोन मिड-रेंज सेगमेंट में ग्राहकों के लिए एक मजबूत विकल्प साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: बिना OTP के भी खाली हो सकता है आपका बैंक अकाउंट! साइबर ठग ऐसे बनाते हैं शिकार