टेक्नोलॉजी की दुनिया में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी OpenAI ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को पीछे छोड़ते हुए अपनी वैल्यूएशन को 500 बिलियन डॉलर के पार पहुंचा दिया है. यह आंकड़ा मस्क की कंपनी स्पेसएक्स से कहीं अधिक है और इसे एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.
कर्मचारियों ने बेचे 6.6 बिलियन डॉलर के शेयर
OpenAI की वैल्यूएशन में यह उछाल एक बड़ी डील के बाद आया है, जिसमें कंपनी के मौजूदा और पूर्व कर्मचारी लगभग 6.6 बिलियन डॉलर के शेयर बेच चुके हैं. इस सेकेंडरी मार्केट में शेयर सेल से कंपनी की बाजार स्थिति मजबूत हुई है और निवेशकों की रुचि भी बढ़ी है.
किसने खरीदे शेयर?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस डील में थ्राइव कैपिटल, सॉफ्टबैंक, ड्रैगनियर इन्वेस्टमेंट ग्रुप, अबू धाबी के एमजीएक्स और टी. रोवे प्राइस जैसे बड़े निवेशक शामिल थे. हालांकि, इन निवेशकों ने अभी इस बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
OpenAI की तेजी से बढ़ती वैल्यूएशन
अगस्त में हुई स्टॉक सेल के बाद OpenAI की वैल्यूएशन 300 बिलियन डॉलर बताई गई थी, लेकिन कंपनी के यूजर्स और रेवेन्यू की तेजी को देखते हुए यह आंकड़ा और बढ़ सकता है. कंपनी 2025 की पहली छमाही में और भी फंडिंग की योजना बना रही है ताकि वह AI में अपनी पकड़ मजबूत कर सके.
तकनीकी क्षेत्र में एआई की होड़
AI के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा तेज होती जा रही है. मेटा जैसी कंपनियां भी इस दिशा में भारी निवेश कर रही हैं. मेटा ने स्केल AI में अरबों डॉलर लगाए हैं और अपने 28 साल के CEO एलेक्जेंडर वांग को नई सुपर इंटेलिजेंस यूनिट का नेतृत्व सौंपा है. इससे साफ है कि तकनीक की दुनिया में एआई को लेकर भविष्य के लिए तैयारी जोरों पर है.
स्पेसएक्स और एलन मस्क की प्रतिक्रिया
स्पेसएक्स के शेयरों की कीमत हाल ही में 238.65 अमेरिकी डॉलर पर बंद हुई है. एलन मस्क की दौलत में भी हाल ही में 10.5 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है, जिससे उनकी कुल संपत्ति 470 बिलियन डॉलर हो गई है. हालांकि OpenAI की वैल्यूएशन ने स्पेसएक्स को टक्कर दी है, मस्क अभी भी दुनिया के सबसे धनी लोगों में शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: अगर आप भी AI से करते हैं बात तो हो जाएं सावधान! अब इस काम के लिए Meta यूज करेगी आपकी चैट्स, जानें पूरी डिटेल