Sakat Chauth Kab Hai 2026 Date: माघ महीने की कृष्ण चतुर्थी को मनाई जाने वाली सकट चौथ को लेकर इस साल भक्तों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है. वजह यह है कि चतुर्थी तिथि 6 और 7 जनवरी दोनों दिन पड़ रही है, जिससे लोग यह तय नहीं कर पा रहे कि सकट चौथ का व्रत किस दिन रखा जाए.
सकट चौथ का व्रत विशेष रूप से संतान की रक्षा, लंबी आयु और पारिवारिक सुख-शांति के लिए किया जाता है. इस दिन भगवान गणेश की पूजा कर उन्हें तिल से बने व्यंजनों का भोग लगाया जाता है, इसलिए इसे तिल चौथ, तिलकुट चतुर्थी और माघ संकष्टी चतुर्थी भी कहा जाता है. आइए विस्तार से जानते हैं सकट चौथ 2026 की सही तारीख, पूजा का शुभ समय, बनने वाले योग, भद्रा का प्रभाव और चंद्रमा के दर्शन का समय.
सकट चौथ 2026 की सही तारीख क्या है?
दृक पंचांग के अनुसार माघ कृष्ण चतुर्थी तिथि की शुरुआत 6 जनवरी 2026, मंगलवार को सुबह 08:01 बजे से होती है और इसका समापन 7 जनवरी को सुबह 06:52 बजे होता है. हालांकि इस बार चतुर्थी की उदया तिथि दोनों दिनों में नहीं पड़ रही है. सामान्य तौर पर व्रत उदया तिथि के अनुसार रखा जाता है, लेकिन सकट चौथ में विशेष मान्यता चतुर्थी तिथि में चंद्र दर्शन की होती है. 6 जनवरी को चंद्रोदय चतुर्थी तिथि में हो रहा है, जबकि 7 जनवरी को चंद्रमा पंचमी तिथि में उदित होगा. इसी आधार पर सकट चौथ का व्रत और पूजा 6 जनवरी 2026, मंगलवार को ही करना शास्त्रसम्मत माना गया है. इसी दिन भगवान गणेश की पूजा और रात्रि में चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण किया जाएगा.
सकट चौथ पर बन रहे हैं 3 शुभ योग
इस वर्ष सकट चौथ के दिन कई शुभ संयोग बन रहे हैं, जो पूजा और व्रत के फल को और बढ़ा देंगे.6 जनवरी को सुबह 07:15 बजे से दोपहर 12:17 बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा, जिसे हर कार्य में सफलता देने वाला माना जाता है. इसके साथ ही प्रीति योग पूरे दिन रात 08:21 बजे तक बना रहेगा, जिसके बाद आयुष्मान योग आरंभ होगा. नक्षत्र की बात करें तो सुबह से दोपहर 12:17 बजे तक अश्लेषा नक्षत्र रहेगा, इसके बाद मघा नक्षत्र का प्रभाव शुरू होगा.
सकट चौथ पर भद्रा का प्रभाव
सकट चौथ के दिन भद्रा का भी संयोग बन रहा है, लेकिन यह बहुत कम समय के लिए है. भद्रा सुबह 07:15 बजे से 08:01 बजे तक यानी कुल 46 मिनट तक रहेगी. इस भद्रा का वास पृथ्वी लोक में माना गया है, इसलिए इस दौरान कोई भी शुभ कार्य या पूजा करना वर्जित होता है. भक्तों को सलाह दी जाती है कि सकट चौथ की पूजा भद्रा समाप्त होने के बाद ही करें.
सकट चौथ 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
भगवान गणेश की पूजा के लिए सकट चौथ के दिन सुबह 09:51 बजे से दोपहर 01:45 बजे तक का समय श्रेष्ठ माना गया है.इसके अलावा ब्रह्म मुहूर्त सुबह 05:26 बजे से 06:21 बजे तक रहेगा, जो ध्यान और संकल्प के लिए उत्तम है. अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:06 बजे से 12:48 बजे तक रहेगा.ध्यान रखें कि राहुकाल दोपहर 03:03 बजे से 04:21 बजे तक रहेगा, इस दौरान किसी भी प्रकार का शुभ कार्य न करें.
सकट चौथ पर चंद्रोदय का समय
6 जनवरी 2026 को सकट चौथ के दिन चंद्रमा का उदय रात 08:54 बजे होगा. दिन में भगवान गणेश की विधिपूर्वक पूजा करने के बाद रात्रि में चंद्र देव को जल, कच्चा दूध, अक्षत और फूल मिलाकर अर्घ्य दें. चंद्र दर्शन के बाद ही व्रत पूर्ण माना जाता है. इसके बाद उसी रात या फिर अगले दिन 7 जनवरी को सूर्योदय के बाद व्रत का पारण किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Paush Purnima Kab Hai 2026: आज या फिर कल? कब है पौष पूर्णिमा 2026, जानें पूजन विधि और सही तारीख