ओडेसा पोर्ट पर फिर हमला, चार भारतीयों को ले जा रहे जहाज पर अटैक, जानें पूरा मामला

Odesa Ship Attack: यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट पर एक बार फिर हमला हुआ है. इस बार हमला उस कमर्शियल जहाज पर हुआ, जिसमें चार भारतीय नागरिक क्रू मेंबर के तौर पर मौजूद थे. कीव स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि जहाज पर हुए हमले के बाद दो भारतीय सुरक्षित हैं, जबकि बाकी दो लोगों के बारे में अभी जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है.

Russia Ukraine War Another attack on Odesa port ship carrying four Indians targeted
Image Source: Social Media

Odesa Ship Attack: यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट पर एक बार फिर हमला हुआ है. इस बार हमला उस कमर्शियल जहाज पर हुआ, जिसमें चार भारतीय नागरिक क्रू मेंबर के तौर पर मौजूद थे. कीव स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि जहाज पर हुए हमले के बाद दो भारतीय सुरक्षित हैं, जबकि बाकी दो लोगों के बारे में अभी जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है.

दूतावास के मुताबिक, यह घटना शनिवार को हुई. जिस जहाज पर हमला हुआ उसका नाम MV AGN Ragnar है. भारतीय मिशन लगातार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है.

ओडेसा पोर्ट पहले भी बन चुका है निशाना

ओडेसा यूक्रेन का एक बड़ा ब्लैक सी पोर्ट है. साल 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से इस इलाके पर कई बार मिसाइल और ड्रोन हमले हो चुके हैं. इसी वजह से यहां आने-जाने वाले कमर्शियल जहाजों के लिए खतरा लगातार बना हुआ है.

कुछ दिन पहले भी गई थी भारतीय नाविकों की जान

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब कुछ ही दिन पहले ओडेसा पोर्ट पर हुए एक अन्य रूसी हमले में चार भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी. उस घटना के बाद भारत सरकार ने रूस के वरिष्ठ राजनयिक को तलब कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया था.

भारत ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

लगातार बढ़ते हमलों को देखते हुए भारत सरकार ने ब्लैक सी क्षेत्र में काम करने वाले भारतीय नागरिकों और नाविकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस इलाके में चलने वाले या यहां से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों जैसे बड़े सुरक्षा खतरे का सामना करना पड़ सकता है. मंत्रालय के अनुसार, अप्रैल से अब तक ऐसे हमलों में पांच भारतीय नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं.

नाविकों को बरतनी होगी अतिरिक्त सावधानी

सरकार ने सलाह दी है कि जो भारतीय नाविक ब्लैक सी क्षेत्र में काम करने जा रहे हैं, वे पहले पूरी जानकारी जरूर लें. उन्हें अपने नियोक्ता, भर्ती एजेंसी और जहाज ऑपरेटर से जहाज के रूट, किन बंदरगाहों पर जहाज रुकेगा, सुरक्षा व्यवस्था, बीमा सुविधा और किसी आपात स्थिति में क्या कदम उठाए जाएंगे, इसकी पूरी जानकारी हासिल करनी चाहिए.

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए इस क्षेत्र में काम करने वाले सभी भारतीयों को बेहद सतर्क रहने और हर जरूरी सुरक्षा नियम का पालन करने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें- करगिल से ऑपरेशन सिंदूर तक... 27 साल में कितनी बढ़ी भारतीय सेना की ताकत? जानें कैसे बदला लड़ने का तरीका