Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार को रूस ने एक बार फिर यूक्रेन के कई प्रमुख शहरों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया. राजधानी कीव, खार्कीव और बंदरगाह शहर ओडेसा पर बैलेस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और बड़ी संख्या में ड्रोन से किए गए हमलों ने भारी तबाही मचाई. इन हमलों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कम से कम 20 लोग घायल हो गए. लगातार हो रहे हमलों ने यूक्रेन की वायु सुरक्षा प्रणाली पर भी गंभीर दबाव बना दिया है.
कीव पर मिसाइलों और ड्रोन की बारिश
रूसी सेना ने राजधानी कीव को निशाना बनाते हुए बैलेस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया. शहर में कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और अलग-अलग इलाकों में नुकसान की खबरें सामने आईं. इस हमले में 11 लोग घायल हुए हैं. यूक्रेन की एयर डिफेंस प्रणाली ने हमलों को रोकने की कोशिश की, लेकिन इंटरसेप्टर मिसाइलों की सीमित उपलब्धता के कारण वह केवल दो हमलावर क्रूज मिसाइलों को ही मार गिराने में सफल रही.
ओडेसा और खार्कीव भी बने निशाना
काला सागर के तट पर स्थित महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर ओडेसा भी रूस के हमले से अछूता नहीं रहा. यहां हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. वहीं पूर्वी शहर खार्कीव पर हुए हमले में सात लोग घायल हुए. स्थानीय प्रशासन के अनुसार कई इमारतों और नागरिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है.
121 ड्रोन और 12 मिसाइलों से किया हमला
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार रूस ने इस हमले में कुल छह बैलेस्टिक मिसाइलें, छह क्रूज मिसाइलें और 121 ड्रोन लॉन्च किए. यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 111 ड्रोन और दो क्रूज मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया. इसके बावजूद कई मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहीं, जिससे विभिन्न शहरों में जान-माल का नुकसान हुआ.
जेलेंस्की ने रूस पर लगाया ये आरोप
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि रूस जानबूझकर नागरिक इलाकों और सार्वजनिक सुविधाओं को निशाना बना रहा है. उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय युद्ध नियमों और मानवीय कानूनों का खुला उल्लंघन है. जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से यूक्रेन की रक्षा क्षमता बढ़ाने और अतिरिक्त एयर डिफेंस सिस्टम उपलब्ध कराने की भी अपील की.
यूक्रेन का भी पलटवार
इस बीच यूक्रेन ने भी ड्रोन हमलों के जरिए रूस को जवाब देने का दावा किया है. यूक्रेन की ड्रोन फोर्स के प्रमुख राबर्ट ब्रोव्दी के अनुसार शुक्रवार और शनिवार की रात अजोव सागर में किए गए ड्रोन ऑपरेशन के दौरान तेल और गैस ले जा रहे रूस के 21 टैंकरों को नुकसान पहुंचा. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस सप्ताह अब तक रूस के 76 तेल टैंकर और मालवाहक जहाज यूक्रेनी ड्रोन हमलों का निशाना बन चुके हैं.
युद्ध लगातार हो रहा और भी घातक
रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष अब केवल सीमावर्ती इलाकों तक सीमित नहीं रह गया है. दोनों देशों की ओर से मिसाइलों और ड्रोन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे नागरिक क्षेत्रों पर खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. लगातार हो रहे हमले यह संकेत दे रहे हैं कि फिलहाल इस युद्ध के जल्द समाप्त होने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में ऐसा क्या करने वाले हैं असीम मुनीर, जिसका लोग उड़ाने लगे मजाक? शहबाज सरकार ने दी ये जिम्मेदारी