बिहार में अफसरों के लिए सख्त नियम, शिकायत लंबित रही तो 31वें दिन निलंबन; CM सम्राट चौधरी का बड़ा आदेश

CM Samrat Choudhary News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार (11 मई 2026) को सहयोग शिविर से जुड़ी हेल्पलाइन नंबर 1100 और सहयोग पोर्टल का शुभारंभ किया. इसके साथ ही रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम भी लॉन्च किया गया. अब पंचायत स्तर पर लोगों की शिकायतों का समाधान 30 दिनों के अंदर किया जाएगा.

rules for officers in Bihar suspension on 31st day if complaint is pending order CM Samrat Chaudhary
Image Source: Social Media

CM Samrat Choudhary News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार (11 मई 2026) को सहयोग शिविर से जुड़ी हेल्पलाइन नंबर 1100 और सहयोग पोर्टल का शुभारंभ किया. इसके साथ ही रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम भी लॉन्च किया गया. अब पंचायत स्तर पर लोगों की शिकायतों का समाधान 30 दिनों के अंदर किया जाएगा.

इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ निश्चय के तहत बिहार सरकार आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि अब हर पंचायत में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों की शिकायतों का निपटारा 30 दिनों के अंदर किया जाएगा.

डीएम और एसपी करेंगे निगरानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) इस पूरी व्यवस्था की रियल टाइम मॉनिटरिंग करेंगे. सहयोग शिविर में तैनात अधिकारी लोगों की समस्याओं का समाधान तेज, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से करेंगे. इसके लिए हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को बिहार की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे.

31वें दिन खुद हो जाएंगे सस्पेंड

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि अगर कोई अधिकारी 30 दिनों के अंदर आवेदन का निपटारा नहीं करता, फाइल रोकता है या लापरवाही करता है, तो वह 31वें दिन स्वतः निलंबित माना जाएगा.

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क, बिजली, पानी और विकास से जुड़े मामलों पर सरकार फैसला लेगी, लेकिन प्रखंड, अंचल और थाना स्तर की समस्याओं का समाधान हर हाल में 30 दिन के भीतर करना होगा.

थानों और दफ्तरों में लगेंगे CCTV

मुख्यमंत्री ने बताया कि आईटी विभाग सभी प्रखंड, अंचल और थानों में CCTV कैमरे लगाने का काम कर रहा है, ताकि वहां की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. उन्होंने कहा कि 11 अंक को शुभ माना जाता है. आज 11 तारीख है और सहयोग हेल्पलाइन नंबर भी 11 से शुरू हो रहा है. ऐसे शुभ दिन पर इस योजना की शुरुआत की गई है.

लोगों की समस्या खत्म होने तक चलेगा शिविर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक लोगों के आवेदन आते रहेंगे, तब तक सहयोग शिविर चलते रहेंगे. उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना है.

ये भी पढ़ें- सत्ता संभालते ही एक्शन में सीएम शुभेंदु अधिकारी, ममता सरकार के इस फैसले को पलटा; जानें पूरा मामला