रक्षा बंधन से पहले खूनी खेल, भाई ने दो बहनों को गोली मारकर उतारा मौत के घाट; अब हुआ बड़ा खुलासा

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चुड़ियाला गांव में विवेक ने कथित तौर पर अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

roorkee-double-murder-brother-arrested-sisters-killing-case
Image Source: Magnific

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चुड़ियाला गांव में विवेक ने कथित तौर पर अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. शुरुआती जांच में हत्या के पीछे बहनों के चरित्र पर शक और संपत्ति विवाद की बात सामने आई है.

हत्या से पहले बहनों की रेकी, फिर बरसाईं गोलियां

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, आरोपी ने वारदात से पहले करीब दो-तीन दिन तक अपनी दोनों बहनों की गतिविधियों पर नजर रखी थी. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसे बहनों के चरित्र पर शक था और उसे लगता था कि उनकी वजह से परिवार की बदनामी हो रही है. हालांकि, पुलिस आरोपी के बयान को अंतिम सत्य नहीं मान रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह की गहनता से जांच की जा रही है.

संपत्ति विवाद का एंगल भी जांच में शामिल

पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है. फिर भी संपत्ति विवाद को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा सकती है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हत्या की योजना कब और कैसे बनाई थी तथा उसके दावों के पीछे कितनी सच्चाई है.

रक्षा बंधन से पहले वारदात ने खड़े किए सवाल

भाई-बहन के रिश्ते के पर्व रक्षा बंधन से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. एक ही परिवार की दो बेटियों की हत्या और आरोप उनके ही भाई पर लगने से लोग स्तब्ध हैं. पुलिस फिलहाल बरामद हथियार, आरोपी की गतिविधियों और पारिवारिक विवाद से जुड़े पहलुओं को जोड़कर मामले की आगे की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: Karnataka: विजयपुरा की भूतनाल झील में एक साथ मिले 6 शव, डेढ़ दिन पुराने होने की आशंका, मौत की वजह तलाश रही पुलिस