Roorkee Marriage Controversy: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की से सामने आई एक शादी की घटना ने समाज के सामने आत्मसम्मान और महिला सम्मान की एक नई मिसाल पेश की है. जिस शादी में कुछ ही देर बाद निकाह की रस्म पूरी होनी थी, वहां अचानक ऐसा माहौल बन गया कि दुल्हन ने जीवन का सबसे बड़ा फैसला लेने में एक पल की भी देरी नहीं की. बारातियों की कथित अभद्र हरकतों और महिलाओं के साथ बदसलूकी की खबर मिलते ही दुल्हन ने साफ शब्दों में शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद जो घटनाक्रम हुआ, उसने इस शादी को पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया. खास बात यह रही कि जिस मंडप से एक बारात बैरंग लौटी, वहीं कुछ घंटों बाद दूसरी बारात पहुंची और उसी दुल्हन की शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई.
धूमधाम से पहुंची बारात, अचानक बिगड़ा माहौल
मंगलवार को रुड़की के गंगनहर थाना क्षेत्र स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी के ताज पैलेस मैरिज हॉल में शादी समारोह आयोजित किया गया था. पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव से दूल्हा अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बारात लेकर पहुंचा था. शुरुआती रस्में सामान्य तरीके से चल रही थीं और दोनों परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त थे.
इसी दौरान आरोप है कि बारात में शामिल कुछ युवक अत्यधिक शराब के नशे में थे. नशे की हालत में उन्होंने शादी समारोह में मौजूद महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया. महिलाओं से बदसलूकी और छेड़छाड़ की कोशिश ने पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया.
इस बात पर भड़क उठा दुल्हन पक्ष
जब महिलाओं के साथ कथित अभद्रता की जानकारी दुल्हन पक्ष को मिली तो शादी का माहौल देखते ही देखते विवाद में बदल गया. पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया. मैरिज हॉल में अफरा-तफरी मच गई और शादी की खुशियां तनाव में बदल गईं. परिजनों ने माहौल को संभालने की कोशिश की, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई. इसी बीच दुल्हन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद ऐसा निर्णय लिया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
दुल्हन ने शादी से किया इनकार
दुल्हन ने साफ कह दिया कि वह ऐसे परिवार में शादी नहीं करेगी, जहां शादी जैसे पवित्र समारोह में महिलाओं के सम्मान का ख्याल नहीं रखा गया. उसने कथित तौर पर शराब के नशे में धुत बारातियों के बीच निकाह करने से इनकार कर दिया.
उसके इस फैसले के बाद शादी की आगे की सभी रस्में रोक दी गईं. परिवार ने भी दुल्हन के निर्णय का समर्थन किया और शादी रद्द करने का फैसला लिया. यह निर्णय पूरे समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया.
घंटों चली बातचीत के बाद हुआ समझौता
घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोगों और दोनों परिवारों के बीच काफी देर तक बातचीत चली. आखिरकार दोनों पक्ष शादी रद्द करने पर सहमत हो गए. लिखित समझौते के तहत यह तय किया गया कि दूल्हा पक्ष शादी समारोह में हुए खाने-पीने और अन्य व्यवस्थाओं का पूरा खर्च दुल्हन पक्ष को लौटाएगा. साथ ही दहेज से जुड़ा सामान भी वापस किया जाएगा. हालांकि समझौते के बाद जब दूल्हा पक्ष मैरिज हॉल से निकल रहा था, तब फिर से विवाद हुआ और मारपीट की घटना में दूल्हा पक्ष का एक व्यक्ति घायल हो गया.
उसी मंडप में पहुंचा दूसरा दूल्हा
पहली शादी टूटने के बाद दुल्हन पक्ष ने हार नहीं मानी. परिवार ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बिलासपुर गांव में रहने वाले एक दूसरे युवक और उसके परिवार से संपर्क किया. बातचीत के बाद दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो गए.
इसके बाद उसी मैरिज हॉल और उसी मंडप में नई तैयारियां शुरू हुईं. कुछ ही घंटों के भीतर दूसरा दूल्हा अपने परिवार के साथ वहां पहुंचा और दोनों परिवारों की सहमति से शादी की सभी रस्में पूरी कराई गईं. देखते ही देखते जहां कुछ समय पहले विवाद और तनाव का माहौल था, वहीं दोबारा शहनाइयां गूंजने लगीं.
पुलिस ने शिकायत न मिलने की कही बात
गंगनहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया था. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है. ऐसे में पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है. यदि भविष्य में किसी पक्ष की ओर से शिकायत दी जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: प्रेम, साजिश और मौत... मेरठ के अस्पताल में नर्स की हत्या ने उड़ाए होश, जानें पूरा मामला