प्रेम, साजिश और मौत... मेरठ के अस्पताल में नर्स की हत्या ने उड़ाए होश, जानें पूरा मामला

Meerut Nurse Murder: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक निजी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में 25 वर्षीय नर्स नेहा भाटिया की संदिग्ध हालात में मौत हो गई.

Another shocking incident in Meerut Lover injects nurse with poison inside the operation theatre
Image Source: Social Media

Meerut Nurse Murder: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक निजी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में 25 वर्षीय नर्स नेहा भाटिया की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह हत्या निकली. इस मामले में अस्पताल के ही दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है.

ड्यूटी पर गई थी, ऑपरेशन थिएटर में मिली लाश

नेहा भाटिया मेरठ के लोहिया नगर स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थीं. शनिवार को वह रोज की तरह ड्यूटी पर पहुंचीं, लेकिन कुछ समय बाद ऑपरेशन थिएटर में बेहोश मिलीं. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पहले लगा आत्महत्या का मामला

घटनास्थल से सल्फास की गोलियां और एक कथित सुसाइड नोट मिला था. इसी वजह से शुरुआत में मामला आत्महत्या का माना गया. लेकिन नेहा के परिवार ने इस पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि सुसाइड नोट की लिखावट नेहा की नहीं थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की.

जांच में सामने आई नई कहानी

पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और दूसरे सबूतों की जांच की. जांच में पता चला कि नेहा और अस्पताल में काम करने वाले सुरेश के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध थे. पुलिस के मुताबिक नेहा, सुरेश पर शादी करने का दबाव बना रही थीं. इसी वजह से सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.

ड्रिप के जरिए दिया गया जहरीला पदार्थ

पुलिस का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने ऑपरेशन थिएटर में नेहा की ड्रिप के जरिए जहरीला रासायनिक पदार्थ शरीर में पहुंचाया, जिससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए एक फर्जी सुसाइड नोट शव के पास रख दिया गया, ताकि पुलिस का शक दूसरी तरफ चला जाए.

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सुरेश और फरहान को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. मामले में फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच का भी इंतजार है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद और भी अहम जानकारी सामने आ सकती है.

ढाई साल पहले हो चुकी थी पति की मौत

पुलिस के मुताबिक नेहा के पति की करीब ढाई साल पहले मौत हो चुकी थी. इसके बाद वह अस्पताल में नौकरी कर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थीं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें- भारत की इकोनॉमी पर नहीं होगा वैश्विक तनाव का असर! GDP ग्रोथ को लेकर आई बड़ी खुशखबरी, देखें रिपोर्ट