Pauri Road Accident: उत्तराखंड के पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. सबदरखाल के पास कुंडधार क्षेत्र में एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, बोलेरो गाड़ी देवप्रयाग से पौड़ी की ओर जा रही थी. कुंडधार के पास पहुंचते ही ड्राइवर का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में गिर गई.
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद देवप्रयाग पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया.
देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। जिला प्रशासन को दुर्घटना में घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार के साथ ही गंभीर रूप से घायलों को आवश्यकता के अनुरूप एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर रेफर करने हेतु निर्देशित किया है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 7, 2026
ईश्वर से प्रार्थना है कि…
गाड़ी में सवार थे छह लोग
पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि बोलेरो में कुल 6 लोग सवार थे. इनमें से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी मृतक हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के रायपुर जीतपुर गांव के रहने वाले थे. मृतकों में अफजाल (49 वर्ष), उनकी पत्नी शब्बो (40 वर्ष), बेटी अन्नाविया (3 वर्ष), बेटा शादाब (14 वर्ष) और अफजाल के भाई गुफरान (34 वर्ष) शामिल हैं.
एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
हादसे में अरमान गंभीर रूप से घायल हुआ है. रेस्क्यू टीम ने उसे खाई से निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने सभी शवों को खाई से निकाल लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर हुआ यह हादसा बेहद दुखद है. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायल व्यक्ति का तुरंत और बेहतर इलाज कराया जाए.
जरूरत पड़ने पर उसे एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पताल भेजने की व्यवस्था भी की जाए. उन्होंने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे और उनके परिजनों को इस कठिन समय में हिम्मत प्रदान करे.
ये भी पढ़ें- सरकारी नौकरी का शानदार मौका, मेडिकल ऑफिसर के पदों पर निकली बंपर भर्ती, जानें पूरी डिटेल