पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ प्रवक्ता और लंबे समय से पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे मृत्युंजय तिवारी ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले मृत्युंजय तिवारी पिछले एक दशक से अधिक समय तक पार्टी की आवाज बने रहे और मीडिया के सामने RJD का मजबूती से रखते रहे.
साल 2014 में लालू यादव ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्टी का मीडिया प्रभारी और आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त किया था, जिसके बाद से उन्होंने लगातार संगठन की जिम्मेदारियां निभाईं. मृत्युंजय तिवारी ने सभी पदों से इस्तीफा देते हुए पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
"दीमकों से घिरे हैं तेजस्वी यादव"
उन्होंने कहा कि अपमानित होकर कोई राजनीति नहीं कर सकता. मुझे जो जिम्मेदारी मिली उसे पूरी निष्ठा से निभाया. पार्टी में कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्होंने दीमक की तरह चाटकर पार्टी को बर्बाद कर दिया है. तेजस्वी यादव ऐसे लोगों से घिरे हुए हैं.
"समर्पित कार्यकर्ताओं का पार्टी में सम्मान नहीं"
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं का अब पार्टी में सम्मान नहीं रह गया है. उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में अपनी बात रखी थी लेकिन उनकी शिकायतों पर किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी उनकी बातों का संज्ञान नहीं लिया.
तिवारी ने कहा, अपमानित होकर कोई भी व्यक्ति राजनीति नहीं कर सकता. हमने पार्टी के कठिन दौर में भी आरजेडी का साथ दिया. लालू प्रसाद यादव ने मुझ पर भरोसा जताते हुए प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी थी. मैंने पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और पार्टी की नीतियों को मजबूती से जनता के बीच रखा.
ये भी पढ़ें: माथे में कील ठोकी, आंख फोड़ी, गला घोंटकर नदी में फेंकी लाश... भागलपुर में ढाई साल के मासूम से हैवानियत