Riyan Parag: राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है. इस बार मामला टीम के कप्तान रियान पराग से जुड़ा है, जिन्हें मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेप का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में कैद किया गया. यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और क्रिकेट जगत में बहस का विषय बन गई है.
यह मामला इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक मुकाबले का है, जिसमें राजस्थान रॉयल्स का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से हुआ. यह मैच न्यू PCA स्टेडियम, मुल्लांपुर में 28 अप्रैल को खेला गया था.
रिपोर्ट्स के अनुसार, दूसरी पारी के 16वें ओवर के दौरान ड्रेसिंग रूम में बैठे रियान पराग को वेप का इस्तेमाल करते हुए देखा गया. कैमरे में कैद यह दृश्य तेजी से वायरल हो गया और इसके बाद नियमों के उल्लंघन को लेकर सवाल उठने लगे.
BCCI ले सकता है सख्त एक्शन
इस घटना को नियमों के उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नियमों के तहत खिलाड़ियों और अधिकारियों को आचार संहिता का पालन करना होता है.
आचार संहिता के नियम 2.2 के तहत अगर किसी खिलाड़ी की गतिविधि खेल की छवि को नुकसान पहुंचाती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. ऐसे मामलों में मैच रेफरी के पास चेतावनी देने, जुर्माना लगाने या गंभीर स्थिति में सस्पेंशन तक का विकल्प होता है.
जीत के बाद भी विवादों में टीम
दिलचस्प बात यह है कि यह विवाद उस मुकाबले के बाद सामने आया, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने शानदार जीत दर्ज की थी. टीम ने 223 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए छह विकेट से जीत हासिल की थी.
रियान पराग ने इस मैच में 16 गेंदों में 29 रन बनाए और टीम की जीत में योगदान दिया. इस जीत के बाद टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई, लेकिन इसके साथ ही एक नया विवाद भी जुड़ गया.
पहले भी हो चुका है नियमों का उल्लंघन
यह पहला मौका नहीं है जब राजस्थान रॉयल्स किसी विवाद में आई हो. सीजन की शुरुआत में टीम मैनेजर रोमि भिंदर को लाइव मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए देखा गया था.
उस समय उनके साथ युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भी मौजूद थे. यह घटना भी आईपीएल के नियमों के खिलाफ थी, जिसके बाद भिंदर को चेतावनी और जुर्माना झेलना पड़ा था. हालांकि उन्होंने इसे मेडिकल कारणों से सही ठहराने की कोशिश की थी.
ये भी पढ़ें- Heatwave: भारत में हीटवेव बनी जानलेवा, हर साल लू की चपेट में आने से कितनी मौतें? देखें आंकड़े