MP के रीवा में खौफनाक वारदात! आधी रात चचेरे भाई को फोन कर बोला - पत्नी-बेटी को मार डाला

Rewa Crime News: मध्य प्रदेश के रीवा में एक ही घर से मां-बेटी की हत्या का खौफनाक मामला सामने आया है. बिछिया थाना क्षेत्र के कोठी गांव में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 16 वर्षीय बेटी की घर में रखे मुसर से हत्या करने का आरोप है.

rewa-double-murder-wife-daughter-killing-police-investigation
Image Source: Social Media

Rewa Crime News: मध्य प्रदेश के रीवा में एक ही घर से मां-बेटी की हत्या का खौफनाक मामला सामने आया है. बिछिया थाना क्षेत्र के कोठी गांव में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 16 वर्षीय बेटी की घर में रखे मुसर से हत्या करने का आरोप है. वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने चचेरे भाई को फोन कर दोनों की हत्या की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.

आधी रात फोन कर बताई हत्या की बात

बताया जा रहा है कि आरोपी रविशंकर मिश्रा ने बीती रात करीब एक बजे अपने चचेरे भाई को फोन किया और कहा कि उसने पत्नी सुनैना मिश्रा और 16 वर्षीय बेटी खुशी मिश्रा की हत्या कर दी है. शुरुआत में चचेरे भाई ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन बाद में घटना की जानकारी सामने आने पर इलाके में हड़कंप मच गया. परिजनों के मुताबिक, आरोपी पहले भी अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था.

घर में रखे मुसर से हमला करने का आरोप

पुलिस के मौके पर पहुंचने के दौरान आरोपी घर में ही मौजूद था. आरोप है कि उसने घर में रखे मुसर से पत्नी और बेटी पर हमला किया, जिससे दोनों की मौत हो गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी जांच की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम को जोड़ने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है.

जमीन विवाद और मानसिक स्थिति की भी जांच

परिजनों के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ समय से जमीन से जुड़े विवाद को लेकर परेशान था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही थी. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वास्तविक वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है. आरोपी की कुल छह बेटियां हैं. 16 वर्षीय खुशी अपनी मां सुनैना के साथ रहती थी, जबकि परिवार की अन्य बेटियां अलग-अलग स्थानों पर रहती हैं.

पुलिस हर पहलू से खंगाल रही वारदात

डबल मर्डर के बाद पुलिस हत्या की वजह, घटनाक्रम, आरोपी की मानसिक स्थिति और जमीन विवाद समेत तमाम पहलुओं की जांच कर रही है. एक ही घर में मां और बेटी की हत्या से परिवार में मातम पसरा है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. अब पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस खौफनाक वारदात के पीछे असली वजह क्या थी और हत्या किन परिस्थितियों में हुई.

ये भी पढ़ें: दिल्ली के होटल में खौफनाक वारदात, पहले की युवती की हत्या, फिर बॉयफ्रेंड ने उठाया बड़ा कदम