दिल्ली में गर्मी से मिलेगी राहत, अगले 2 दिन आंधी और हल्की बारिश के आसार; IMD का अलर्ट

Delhi Weather Forecast: दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी और आसपास के इलाकों में सोमवार और मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है.

relief from heat in Delhi chances of thunderstorm and light rain in next 2 days IMD alert
Image Source: ANI/ File

Delhi Weather Forecast: दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी और आसपास के इलाकों में सोमवार और मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. 

इन दो दिनों के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, धूल भरी आंधी आने के आसार हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है. मौसम विभाग का मानना है कि इन गतिविधियों की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी.

रविवार को तेज धूप ने बढ़ाई परेशानी

रविवार सुबह से ही राजधानी में तेज धूप देखने को मिली. दिन चढ़ने के साथ गर्मी और ज्यादा बढ़ती गई. सड़कों पर निकलने वाले लोगों को गर्म हवाओं और तेज धूप का सामना करना पड़ा.

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया. पूरे दिन आसमान मुख्य रूप से साफ बना रहा, जिसके कारण धूप का असर ज्यादा महसूस किया गया.

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ रही हैं. इसी कारण अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

विशेषज्ञों के अनुसार तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है. इससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और तापमान में कुछ गिरावट दर्ज होगी. अगर बारिश होती है तो राजधानी के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलने की संभावना है.

AQI फिलहाल ‘मध्यम’ श्रेणी में

गर्मी के साथ-साथ दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. रविवार सुबह 10 बजे राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 124 दर्ज किया गया, जिसे ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है.

दिल्ली-एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम से संतोषजनक स्तर के बीच बनी हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में AQI में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं दिखाई दे रही है.

गर्मी और प्रदूषण से बढ़ीं स्वास्थ्य समस्याएं

तेज गर्मी और प्रदूषण के मिश्रण का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. अस्पतालों और क्लीनिकों में डिहाइड्रेशन, सिरदर्द, कमजोरी और थकान जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं.

चिकित्सकों का कहना है कि दोपहर के समय धूप में ज्यादा देर रहने से बचना चाहिए. लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा जरूरी न हो तो दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग ने जारी की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है. खास तौर पर धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर सावधानी बरतने को कहा गया है.

हालांकि मौसम में बदलाव से दिल्लीवासियों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए लोगों को नियमित मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए.

ये भी पढ़ें- फारस की खाड़ी में नहीं थम रहा संकट, कतर के पास जहाज पर हमले से मची अफरा-तफरी; जानें पूरा मामला