पाकिस्तानी सेना का बागी कैप्टन बना BLA का नया चीफ, मजीद ब्रिगेड को भी ट्रेनिंग दे चुका है रहमान गुल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सक्रिय विद्रोही संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अपना नया कमांडर-इन-चीफ चुन लिया है. संगठन ने शनिवार को रहमान गुल को यह जिम्मेदारी सौंपी.

Rebel Pakistani Army Captain Rahman Gul has become the new chief of the BLA
Image Source: Social Media

BLA New Commander: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सक्रिय विद्रोही संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अपना नया कमांडर-इन-चीफ चुन लिया है. संगठन ने शनिवार को रहमान गुल को यह जिम्मेदारी सौंपी. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रहमान गुल कभी पाकिस्तानी सेना में कैप्टन रह चुके हैं. अब वह उसी सेना के खिलाफ विद्रोही संगठन का नेतृत्व करेंगे, जिसमें उन्होंने कई साल तक काम किया था.

रहमान गुल उर्फ उस्ताद मुरीद पहले पाकिस्तानी सेना में तैनात थे. बाद में उन्होंने सेना छोड़कर BLA का साथ पकड़ लिया. संगठन में कई जिम्मेदारियां संभालने के बाद अब वह इसके सबसे बड़े पद तक पहुंच गए हैं. कमांडर बनने से पहले वह BLA की आत्मघाती हमले करने वाली इकाई मजीद ब्रिगेड का नेतृत्व भी कर चुके हैं. ऐसे में उनकी नियुक्ति को पाकिस्तान सरकार और सेना के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है.

सर्वसम्मति से रहमान गुल के नाम पर लगी मुहर

BLA के प्रवक्ता जियांद बलूच ने बताया कि संगठन की सीनियर कमांड काउंसिल ने नेताओं और कमांडरों से चर्चा के बाद रहमान गुल को नया प्रमुख चुना है. उन्होंने बशीर जेब की जगह ली है. संगठन ने 3 नवंबर को बशीर जेब को पद से हटाने की जानकारी दी थी.

रहमान गुल ने ऐसे समय में संगठन की कमान संभाली है, जब बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और BLA के बीच संघर्ष लगातार बढ़ रहा है. दोनों पक्षों के बीच कई इलाकों में हिंसक घटनाएं हो रही हैं. ऐसे में नए कमांडर के सामने संगठन को संभालने और उसकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी.

आठ साल तक पाकिस्तानी सेना में रहा रहमान गुल

अमेरिका के थिंक टैंक जेम्सटाउन फाउंडेशन की 2025 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रहमान गुल साल 2002 में पाकिस्तानी सेना में शामिल हुआ था. उसने फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में करीब आठ साल तक सेवा दी. वह पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी के 109वें लॉन्ग कोर्स का हिस्सा भी था.

सेना में रहते हुए रहमान गुल ने वजीरिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के खिलाफ चलाए गए अभियानों में हिस्सा लिया था. साल 2010 में सेना छोड़ने से पहले उसकी आखिरी तैनाती पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के कोटली में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास थी.

सेना छोड़ने के बाद वह उसी साल BLA में शामिल हो गया. इसके बाद संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए वह शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया. दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान के मौजूदा आर्मी चीफ असीम मुनीर भी इसी फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट की एक दूसरी बटालियन में काम कर चुके हैं.

बलूचिस्तान के प्रभावशाली परिवार से है ताल्लुक

रहमान गुल बलूचिस्तान के नुश्की जिले के एक प्रभावशाली मेंगल परिवार से आता है. उसके परिवार का स्थानीय राजनीति और कबीलाई नेतृत्व से भी जुड़ाव बताया जाता है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) के दस्तावेजों में रहमान गुल के भाई सरब खान बलोच का भी जिक्र है, जो पाकिस्तानी सेना में अधिकारी रह चुका है.

पाकिस्तान ने रखा था 10 लाख रुपये का इनाम

रहमान गुल का नाम पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की वांटेड लिस्ट में भी शामिल है. एजेंसी के रिकॉर्ड में उसे कैप्टन रहमान गुल उर्फ उस्ताद मुरीद के नाम से दर्ज किया गया है.

पाकिस्तानी एजेंसी ने उसकी जानकारी देने वाले के लिए 10 लाख पाकिस्तानी रुपये तक के इनाम का जिक्र किया था. उसके खिलाफ कई एफआईआर भी दर्ज हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान ने 2025 में एक हमले के दौरान उसके मारे जाने का दावा किया था, लेकिन अब BLA ने उसे अपना नया प्रमुख घोषित कर दिया है.

चीनी इंजीनियरों पर हमले में भी आया था नाम

रहमान गुल का नाम पाकिस्तान में चीनी नागरिकों पर हुए आत्मघाती हमले की जांच में भी सामने आया था. 6 अक्टूबर 2024 को कराची में चीनी नागरिकों के काफिले को निशाना बनाया गया था. इस हमले में तीन लोगों की मौत हुई थी, जिनमें दो चीनी इंजीनियर शामिल थे.

जेम्सटाउन फाउंडेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले की जांच के दौरान पाकिस्तानी एजेंसियों ने रहमान गुल का नाम भी एफआईआर में दर्ज किया था.

BLA के लिए क्यों अहम है रहमान गुल की नियुक्ति?

रहमान गुल का पाकिस्तानी सेना में काम करने का पुराना अनुभव BLA के लिए अहम माना जा रहा है. उसे सेना की कार्यप्रणाली, उसकी रणनीति और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी है. ऐसे में संगठन उसके अनुभव का इस्तेमाल अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए कर सकता है.

सुरक्षा मामलों के जानकारों के मुताबिक, सेना के पूर्व अधिकारी को संगठन की कमान सौंपना पाकिस्तान के लिए नई चुनौती बन सकता है. हालांकि, इसका वास्तविक असर आने वाले समय में ही साफ होगा.

बशीर जेब की जगह संभालेंगे रहमान गुल

रहमान गुल ने बशीर जेब बलूच की जगह ली है. बशीर जेब साल 2018 से BLA का नेतृत्व कर रहा था. उसके कार्यकाल में संगठन ने पाकिस्तान में कई बड़े हमलों की जिम्मेदारी ली थी.

BLA ने 3 नवंबर को बशीर जेब को पद से हटाने का ऐलान किया था. संगठन ने कहा था कि उसके नियमों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति जीवनभर कमांडर-इन-चीफ के पद पर नहीं रह सकता.

हालांकि, एक रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि पाकिस्तानी सेना के खिलाफ कुछ अभियानों में नाकामी और महिला आत्मघाती हमलावरों के इस्तेमाल को लेकर संगठन के भीतर बशीर जेब को लेकर नाराजगी थी. अब रहमान गुल के हाथ में कमान आने के बाद बलूचिस्तान में BLA की आगे की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी.

ये भी पढ़ें- ब्रह्मोस की मार नहीं भूला पाकिस्तान! तुर्की से खरीदेगा ड्रोन और रोबोटिक हथियार, ऑपरेशन सिंदूर का डर?